गूंज उठा गणपति बप्पा मोरया

By Edited By: Publish:Fri, 13 Sep 2013 09:02 PM (IST) Updated:Fri, 13 Sep 2013 09:04 PM (IST)
गूंज उठा गणपति बप्पा मोरया

गोपीगंज (भदोही) : नव दिवसीय गणेश पूजनोत्सव के पांचवें दिन शुक्रवार को दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही।

गणेश उत्सव मंडल सदर मोहाल व न्यू गणेश उत्सव मंडल पश्चिम मोहाल द्वारा सजाए गए भव्य पूजा पंडाल में स्थापित विघ्न विनाशक भगवान गणेश की दर्शन-पूजन का क्रम दिन भर चलता रहा। समय की गति बढ़ने के साथ ही भक्तों की भीड़ भी बढ़ती गई। देर शाम हुए आरती-पूजन में पूजा पंडाल श्रद्धालुओं से भर गया। उनके जयकारे से वातावरण गुंजायमान रहा। सदर मोहाल में गुरुवार की देर रात मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। देर रात तक चले आयोजन में आंख पर पट्टी बांध प्रतिभागी युवकों ने मेज पर रखी मटकी डंडे के सहारे फोड़ी। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। ग्रामीण क्षेत्र सुजातपुर में गणेश उत्सव का आयोजन किया गया है। पूजा पंडाल में देर शाम तक भजन-कीर्तन के उपरांत आरती पूजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी