बस्ती में किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या के दो और आरोपित गिरफ्तार, दरिंदों ने हैवानियत की सारी हदें की थी पार

सब्जी खरीदने घर से निकली किशोरी से दरिंदों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। तीन लोगों ने मिलकर उससे हैवानियत की और मौत के बाद खून से लथपथ किशोरी को घसीटते हुए सड़क किनारे फेंक दिया था। पुलिस ने एक आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Thu, 08 Jun 2023 01:29 PM (IST) Updated:Thu, 08 Jun 2023 01:29 PM (IST)
बस्ती में किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या के दो और आरोपित गिरफ्तार, दरिंदों ने हैवानियत की सारी हदें की थी पार
किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या के दो और आरोपित गिरफ्तार। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बभनान (बस्ती), जागरण संवाददाता। बस्ती जिले के गौर थानाक्षेत्र के एक गांव में सब्जी लेने गई किशोरी की सामूहिक दुष्कर्म के बाद की गई हत्या के दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। किशोरी के गांव के रहने वाले एक आरोपित को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामूहिक दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धारा बढ़ा दी है। घटना की न्यायिक जांच कराने व एक आरोपित के बंजर भूमि में बने मकान को ध्वस्त कराने की मांग को लेकर अड़े पीड़ित स्वजन ने बुधवार को भी बेटी के शव का अंतिम संस्कार नहीं किया।

साइकिल से सब्जी खरीदने के लिए घर से निकली थी किशोरी

14 वर्षीय किशोरी सोमवार की शाम साइकिल से गांव के चौराहे पर सब्जी लेने गई थी। गांव का रहने वाला मोनू साहनी वहां से उसे लेकर बगल के गांव निवासी कुंदन सिंह के मकान पर पहुंचा था। वहां किशोरी के गांव का ही रहने वाला राजन निषाद भी मौजूद था। तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उनकी हैवानियत से किशोरी के शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी मौत हो गई। तीनों उसे सीढ़ी से घसीटते हुए बाहर लाए और सड़क किनारे फेंक दिए। देर रात खून से लथपथ किशोरी का शव मिला।

पुलिस की जांच में ऐसे हुआ मामला का खुलासा

पुलिस की जांच में कुंदन सिंह के मकान में दूसरी मंजिल पर कमरे में बेड पर खून मिला। सीढ़ी पर भी खून के निशान पाए गए। पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि आरोपित मोनू साहनी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। राजन निषाद व कुंदन सिंह को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

chat bot
आपका साथी