Jitin Prasad BJP Joined News : जितिन प्रसाद के आते ही भाजपा में बढ़ी हलचल, केबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना थे अब तक का बड़ा चेहरा

शाहजहांपुर भाजपा में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद को लेकर जितनी हलचल कांग्रेस में है। उससे कहीं ज्यादा बेचैनी भाजपा में भी है। ऐसा होना लाजिमी भी है। जिस तरह के संकेत मिल रहे हैं उनसे इतना तो तय है।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 02:58 PM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 02:58 PM (IST)
Jitin Prasad BJP Joined News : जितिन प्रसाद के आते ही भाजपा में बढ़ी हलचल, केबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना थे अब तक का बड़ा चेहरा
जितिन प्रसाद के आते ही भाजपा में बढ़ी हलचल, केबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना थे अब तक का बड़ा चेहरा

बरेली, जेएनएन। Jitin Prasad BJP Joined News : शाहजहांपुर भाजपा में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद को लेकर जितनी हलचल कांग्रेस में है। उससे कहीं ज्यादा बेचैनी भाजपा में भी है। ऐसा होना लाजिमी भी है। जिस तरह के संकेत मिल रहे हैं उनसे इतना तो तय है कि जल्द ही जितिन को बड़ी जिम्मेदारी दी जाने वाली है। यह संगठन में होगी या सरकार में, केंद्र में होगी या प्रदेश में बहुत ज्यादा स्पष्ट नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसका काफी असर दिखेगा।

अगर मौजूदा समय की बात करें तो प्रदेेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के पास बरेली मंडल में सबसे बड़ा पद है। केंद्र में संतोष गंगवार मंडल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रदेश सरकार के कामकाज में खन्ना की राय काफी अहम रहती है। ऐसे में जितिन प्रसाद को अगर मंत्रिमंडल में शामिल किया जाता है तो वह क्षेत्र में अकेले ब्राह्मण चेहरे के रूप में होंगे। जिसका लाभ निश्चित तौर पर भाजपा को मिलेगा। यह पार्टी नेतृत्व जानता भी है। क्योंकि बरेली मंडल में इस कद का दूसरा कोई बड़ा ब्राह्मण चेहरा किसी दल के पास नहीं है।

सुरेश खन्ना ही सबसे बड़े नेता

जिले की बात करें तो भाजपा में सुरेश खन्ना ही सबसे बड़े नेता है। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णाराज ने 2019 में लोकसभा टिकट कटने के बाद स्वयं को दिल्ली तक सीमित कर लिया। वहां यहां आती भी हैं तो पार्टी के कार्यक्रमों में ज्यादा सक्रिय नहीं दिखतीं।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं, लेकिन उनके पास संगठनात्मक जिम्मेदारियां ज्यादा हैं। वह संगठन मंत्री सुनील बंसल के करीबी माने जाते हैं। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि भी शहर से हैं। ऐसे में संगठन व सरकार में यहां का पहले से ही दबदबा है।

भाजपा के पास महत्वपूर्ण पद

जिले के छह में से पांच विधायक भाजपा के हैं। डीसीबी चेयरमैन सहित अन्य सभी महत्वपूर्ण पदों पर पार्टी के नेता काबिज हैं। ज्यादातर निकायों में भी भाजपा के ही नेता अध्यक्ष पदों पर हैं। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना से इन सभी का जुड़ाव है।

मिलेगी पार्टी को मजबूती

जितिन प्रसाद को जिम्मेदारी मिलने के बाद यहां पर एक और बड़ा चेहरा पार्टी के पास हो जाएगा। ऐसे में न सिर्फ स्थानीय बल्कि प्रदेश स्तर पर भी पार्टी काफी मजबूत होगी। इससे पार्टी में भी कइयों समीकरण बन और बिगड़ सकते हैं। हालांकि यह सब हाईकमान के निर्णय पर टिका है।

chat bot
आपका साथी