दुस्साहस : पति को छोड़ साथ रहने से मना किया तो युवक ने पेट्रोल डालकर महिला को जिंदा जलाया Bareilly News
शहर में महिलाओं से होने वाले अपराध पर लगाम नहीं लग पा रही। इस बार सुभाषनगर में दुस्साहस हुआ। साथ रहने की जिद नहीं मानी तो मुहल्ले के युवक ने महिला को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की।
जेएनएन, बरेली : शहर में महिलाओं से होने वाले अपराध पर लगाम नहीं लग पा रही। इस बार सुभाषनगर में दुस्साहस हुआ। साथ रहने की जिद नहीं मानी तो मुहल्ले के युवक ने महिला को जिंदा जलाकर मार देने की कोशिश कर डाली। उसके ऊपर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपित फरार है, उसके खिलाफ जानलेवा हमला किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। सुभाषनगर के वंशीनगला में रहकर हलवाई का काम करने वाले युवक के परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। रविवार शाम को वह सहालग में गए थे। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाला विनोद उर्फ मनोज उनके घर पहुंच गया।
उनकी पत्नी से साथ चलने को कहा। कहा पति को छोड़ दो। महिला ने इन्कार किया तो फिर वापस आकर महिला के घर के बाहर टहलने लगा। रात करीब साढ़े नौ बजे महिला किसी काम से दरवाजे से बाहर निकली तो विनोद ने घेर लिया और वारदात को अंजाम दिया। महिला के पति ने विनोद के खिलाफ पत्नी को जलाकर मारने का प्रयास करने की तहरीर दी।
साथ छोड़ने से नाराज था आरोपित : सुभाषनगर के वंशीनगला में महिला पर पेट्रोल डालकर जला देने की घटना से हर कोई हैरान है। महिला जब से हिमाचल प्रदेश से वापस आई, तभी से आरोपित पीछे पड़ा था। जबरन उसे साथ रखने की जिद कर रहा था। वह किसी तरह बचती रही।
पीड़िता कुछ दिन पहले पति का घर छोड़कर चली गई थी। वह पहले मायके पानीपत इसके बाद हिमाचल प्रदेश चली गई थी। हिमाचल में ही बरेली कालेज के पास रहने वाले युवक विनोद से उसकी मुलाकत हो गई थी। वह कई दिन उसके साथ रही। करीब 15 दिन पूर्व ही वह वहां से अपने पति के पास वापस आ गई थी। जबकि विनोद चाहता था वह उसके साथ रहे।
आरोपित फरार, तलाश में दबिश जारी : पेट्रोल डालकर महिला को आग लगाने वाला आरोपित फरार है। पुलिस उसकी तलाश में सभी संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। घटना की सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी रविंद्र सिंह ने भी मामले में जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। बता दें कि आरोपित विनोद उर्फ मनोज भी पहले हलवाई का काम करता था। बरेली से जाने के बाद आरोपित हिमाचल में भी यही काम करता था।
महिला बोली जबरन रखना चाहता है आरोपित : महिला ने बताया कि वह विनोद के साथ नहीं रहना चाहती। हिमाचल प्रदेश में बरेली का होने के नाते उसके साथ रहने लगी थी। विनोद जबरन उसे अपने साथ रखना चाहता था। तीन दिन पहले भी विनोद जबरन घर घुस आया था। उसकी सुभाष नगर थाने में शिकायत भी की थी। पीड़ित महिला के पति ने बताया कि विनोद उसकी पत्नी पर पहले से ही गलत नजर रखता था। वह हलवाई का काम करता है इसके चलते उसे जानता है।
पीड़िता के पति की तहरीर पर आरोपित पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश कराई जा रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। दोनों पक्ष पहले से परिचित हैं।
- सीमा यादव, सीओ द्वितीय