बदायूं में बारिश का कहर, मकान की छत गिरी, मलबे में दबकर महिला की मौत, दो दिन से हो रही बारिश और ओलावृष्टि

Rain Borne Accident in Badaun बिसौली कोतवाली क्षेत्र के साहनपुर गांव में बेमौसम बारिश में एक गरीब परिवार का लिंटर गिर गया। मलबे में दबी महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। साहनपुर निवासी रियाजुद्दीन के स्वजन शनिवार रात को घर में सो रहे थे।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Sun, 09 Jan 2022 01:32 PM (IST) Updated:Sun, 09 Jan 2022 01:32 PM (IST)
बदायूं में बारिश का कहर, मकान की छत गिरी, मलबे में दबकर महिला की मौत, दो दिन से हो रही बारिश और ओलावृष्टि
जिले में दो दिन से हो रही बारिश के दौरान सहसवान और उघैती में ओलावृष्टि भी हुई।

बदायूं, जेएनएन। Rain Borne Accident in Badaun : बिसौली कोतवाली क्षेत्र के साहनपुर गांव में बेमौसम बारिश में एक गरीब परिवार का लिंटर गिर गया। मलबे में दबी महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। साहनपुर निवासी रियाजुद्दीन के स्वजन शनिवार रात को घर में सो रहे थे। बारिश के बीच अचानक लिंटर गिर गया। इसमें रियाजुद्दीन की 39 वर्षीय पत्नी चमन गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को सुबह उसने दम तोड़ दिया। रियाजुद्दीन मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता है। चार बच्चे हैं, मां की मौत हो जाने से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिले में दो दिन से हो रही बारिश के दौरान सहसवान और उघैती में ओलावृष्टि भी हुई।

दिनभर बूंदाबांदी, शाम को ओलावृष्टि : बारिश ने जिले में ठंड और बढ़ा दी है। बारिश बंद होते ही चलने वाली ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपा दिया है। शनिवार को सुबह से शुरू हुई बारिश दिन भर होती रही है। इसके चलते पूरा जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। सुबह काम को निकलने वाले लोग बमुश्किल निकल सके। जो निकले भी उन्हें बरसात के चलते हुए जलभराव का सामना करना पड़ा। शहर के कई मुहल्लों में जलभराव के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम जिले के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई। शुक्रवार भोर से ही जिले में बूंदाबादी शुरू हो गई थी।

सुबह से शुरू हुई बारिश दोपहर ढाई बजे तक लगातार होती रही। ढाई बजे के बाद कुछ देर के लिए आसमान साफ हुआ तो सूर्य के दर्शन हुए। लेकिन कुछ ही देर में आसमान में फिर काले बादल घिर आए और सूरज उनमें छिप गया। इसके बाद फिर बूंदाबादी शुरू हो गई। दिन भर खराब रहे मौसम के चलते शहर की सड़कों पर भी सन्नाटा जैसा पसरा रहा। महीने का दूसरा शनिवार होने के चलते सरकारी कार्यालय पहले से ही बंद थे, बारिश के चलते शहर के कई दुकानदारों ने दुकान भी नहीं खोली। वहीं बारिश की वजह से ही शहर के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।

इधर दिन भर हुई बारिश के चलते शहर के बिरुआवाड़ी मंदिर, ब्राह्मपुरा, पुलिस लाइंस चौराहा, गांधीनगर, आवास विकास, कुबूलपुरा आदि मुहल्लों में जलभराव की स्थिति भी उत्तपन्न हो गई। मुहल्ले के लोगों ने बताया कि नगर पालिका ने कई दिनों से नालों की सफाई नहीं कराई थी। इसके चलते ही हल्की सी बारिश में जलभराव हो गया। इसके चलते लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। बिरुआवाड़ी मंदिर के पास हालात सबसे ज्यादा खराब थे। यहां की सड़क भी खराब होने के कारण लोगों को जलभराव के बीच से निकलने में गिरने का डर भी लगा रहता था।

यही हालात नई सराय, मीराजी चौकी आदि मुहल्लों में रहे। वहीं देर शाम को सहसवान, उघैती, मूसाझाग आदि क्षेत्रों में तेज हवा के साथ आई बारिश में ओले भी गिरे। आलू, सरसों को नुकसान, गेहूं को फायदा बीते तीन दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश से आलू और सरसों की खेती करने वाले किसान चिंतित हैं। किसानों ने बताया कि लागातार बारिश होने से आलू और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचेगा। इसके अलावा सब्जियाें के लिए भी यह बारिश नुकसानदेह साबित होगी। वहीं गेहूं के लिए यह बारिश फायदेमंद हैं, लेकिन अत्यधिक बारिश होने पर गेहूं की फसल को भी नुकसान हो सकता है।

chat bot
आपका साथी