पेट्रोल पंप वालेे नगर पालिका बदायूं को नहीं दे रहेे डीजल, लौटा दे रहे पालिका की गाड़ी, जानें वजह
Badaun Municipality declared defaulter करीब एक साल से नगर पालिका परिषद बदायूं की हालत पतली चल रही है। कभी कर्मचारी हड़ताल कर देते हैं तो कभी किसी अन्य कारण से पालिका संचालित करना मुश्किल हो जाता है। इन सबकी वजह से पालिका का बजट खाली हो गया है।
बरेली, जेएनएन। Badaun Municipality declared defaulter : करीब एक साल से नगर पालिका परिषद बदायूं की हालत पतली चल रही है। कभी कर्मचारी हड़ताल कर देते हैं तो कभी किसी अन्य कारण से पालिका संचालित करना मुश्किल हो जाता है। इन सबकी वजह से पालिका का बजट पूरी तरह से खाली हो गया है। शासन से किसी भी मद में पैसा भेजा नहीं जा रहा है जो वसूली हो रही उनसे वेतन आदि की पूर्ति बमुश्किल की जा रही है। ऐसे में नगर पालिका का शहर के पेट्रोल पंप पर भी बड़ी उधारी हो गई है। इसके चलते पेट्रोल पंप मालिको ने अब पालिका को पेट्रोल डीजल देने से इन्कार कर दिया है। शुक्रवार शाम डीजल डलवाने गई गाड़ियों को लौटा दिया गया।
दो पेट्रोल पंप पर पालिका का करीब 41 लाख रुपये बकाया बताया जा रहा है। अब पालिका ने तीसरे पेट्रोल पंप संचालक से बातकर उधार डीजल पेट्रोल लेना शुरू किया है। अब वहीं से गाड़ियों, ट्रैक्टरों सहित नगर पालिका के वाहनों में डीजल-पेट्रोल को डलवाया जा रहा है। इस सम्बंध में सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने बताया पालिका के पास बजट का अभाव है। शासन से किसी भी मद में बजट नहीं आ रहा है। ऐसे में अपने संसाधनों से ही काम चलाया जा रहा है। विभिन्न प्रकार से जो वसूली हो रही है उससे कर्मचारियों को वेतन दिया जा रहा है। साथ ही पालिका के अन्य खर्चे पूरे किए जा रहे हैं। लेकिन इनमें भी मुश्किल आ रही है। पालिका के बजट के बारे में शासन को अवगत करा दिया गया है। साथ ही वसूली के काम में और तेजी लाने के लिए कहा गया है।