भूख की परवाह और न बारिश की फिक्र ऐसा रहा पीर से बेइंतहा मुहब्बत का तारीखी मंजर

जहां-जहां तक खबर गई वहां-वहां से ताजुशरिया मुफ्ती अख्तर रजा खां अजहरी मियां के चाहने वालों की भीड़ उमडऩे लगी।गिड़गिड़ाकर दुआएं मांग रहे हैैं।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Sat, 21 Jul 2018 06:50 PM (IST) Updated:Sat, 21 Jul 2018 06:50 PM (IST)
भूख की परवाह और न बारिश की फिक्र ऐसा रहा पीर से बेइंतहा मुहब्बत का तारीखी मंजर
भूख की परवाह और न बारिश की फिक्र ऐसा रहा पीर से बेइंतहा मुहब्बत का तारीखी मंजर

बरेली (जेएनएन)। जहां-जहां तक खबर गई वहां-वहां से ताजुशरिया मुफ्ती अख्तर रजा खां अजहरी मियां के चाहने वालों की भीड़ उमडऩे लगी। बुजुर्ग, बच्चे, जवान, यहां तक कि बुर्कानशीं महिलाएं भी आने लगीं। उन्हें न भूख की परवाह है और बारिश की फिक्र। आंसू हैैं कि रुकने का नाम नहीं ले रहे। वे रोकर और गिड़गिड़ाकर दुआएं मांग रहे हैैं। सभी को बस अपने पीर के आखिरी दीदार की जुस्तजू है। चाहते हैैं कि बस एक नजर उनके चेहरे पर पड़ जाए। हर दिल में यही तमन्ना है, किसी भी तरह जनाजे तक पहुंच जाएं, जो दरगाह आला हजरत स्थित आवास में रखा है। 

पीर से बेइंतहा मुहब्बत का यह दूसरा तारीखी (एेतिहासिक) मंजर है। अब से पहले जब मुफ्ती आजम हिंद मुफ्ती मुस्तफा रजा खां ने दुनिया से पर्दा फरमाया था तो मुरीद इसी तरह भीड़ की शक्ल में उमड़ आए थे। तब नमाज-ए-जनाजा में इस्लामिया कॉलेज का मैदान भर गया था। उसी तरह अब जानशीन मुफ्ती आजम हिंद अजहरी मियां के शुक्रवार शाम पर्दा फरमाने के बाद भीड़ के आने का सिलसिला शुरू हुआ और रात से लगातार जारी है, उसे देखकर लग रहा है कि जनाजे की नमाज में इस्लामिया इंटर कॉलेज का मैदान छोटा पड़ सकता है। देश ही नहीं, विदेश से भी तमाम मुरीद आने के लिए फोन कर चुके हैैं। वाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर पर मैसेज चल रहे हैैं। खिराजे अकीदत पेश करने वालों की आंखें नम हैैं और चेहरे दर्द की दास्तां बया कर रहे हैं। कोई कह रहा है कि ताजुशरिया के पर्दा फरमाने पर अफसोस जताने के लिए हमारे पास अल्फाज नहीं हैं। दिल चीर कर दिखा नहीं सकते। कोई लिख रहा है, अजहरी मियां आपके बगैर हम कैसे जीएंगे। दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी का मैसेज आया कि यह सुन्नियत का बड़ा नुकसान है, भरपाई नामुमकिन है। तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैय्यब एर्दोगान ने कहा कि ताजुशरिया का यूं चले जाना गहरा सबके लिए गहरा सदमा है। सियासी, समाजी, कारोबारी और नौकरशाह भी अफसोस का इजहार करने दरगाह पहुंच रहे हैैं।

कौन थे जानशीन मुफ्ती आजम हिंद अजहरी मियां

जानशीन  मुफ्ती आजम हिंद अजहरी मियां दरगाह आला हजरत के सबसे बुजुर्ग शख्स थे। अपने मुरीदों के बीच ताजुशरिया के नाम से विख्यात थे। उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय संस्था ने दुनिया के 500 प्रतिभाशाली मुस्लिम शख्सियत में 22वें पायदान पर चुना था। दरगाह आला हजरत की तरफ से सबसे ज्यादा विदेश दौरे उन्हीं के नाम हैैं। दुनियाभर में मुरीदों की संख्या करोड़ों में बताई जाती है। आला हजरत और मुफ्ती आजम हिंद के बाद सबसे ज्यादा फतवे भी उन्होंने ही दिए हैैं। 

अखिलेश, शिवराज व ममता ने व्यक्त किया शोक

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।  

chat bot
आपका साथी