UP Loksabha Election results 2019: शेखूपुर में दौड़ा हाथी तो दातागंज में खिला फूल
आंवला लोकसभा की शेखूपुर विधानसभा में हाथी इस कदर दौड़ा कि उसने कमल को नौ हजार से ज्यादा वोटों से पछाड़ दिया। जबकि शेखूपुर में मुरझाया कमल जमकर खिला।
बरेली, जेएनएन : UP Loksabha Election results 2019 आंवला लोकसभा की शेखूपुर विधानसभा में हाथी इस कदर दौड़ा कि उसने कमल को नौ हजार से ज्यादा वोटों से पछाड़ दिया। हालांकि उसकी यह गति बहुत देर तक कायम नही रह सकी और बिथरी तक पहुंचते ही वह हांफने लगा। जबकि शेखूपुर में मुरझाया कमल लोकसभा की दूसरी सभी विधानसभाओं में जमकर खिला। वहीं, हाथ को किसी भी विधानसभा में मतदाताओं का साथ नहीं मिला और वह तीसरे नंबर पर ही सिमट कर रहा गया।
भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप को सबसे ज्यादा राहत दातागंज विधानसभा में मिली। जहां से उन्होंने 40 हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाई। बसपा की रुचिवीरा ने फरीदपुर और आंवला में भाजपा को कड़ी टक्कर तो दी लेकिन उसे पछाड़ नहीं पाई। बसपा को जहां सबसे ज्यादा वोट शेखूपुर में मिले। वहीं सबसे कम वोट आंवला में। जबकि धर्मेंद्र कश्यप को दातागंज और बिथरी में सबसे ज्यादा वोट मिले। जिनका आंकड़ा एक लाख से ऊपर रहा। आंवला में सबसे कम वोट हासिल हुए। कांग्रेस को मतदाताओं ने पूरी तरह से नकार दिया। लोकसभा की पांचों विधानसभा में कहीं पर भी कांग्रेस 20 हजार का आंकड़ा नहीं पार कर सकी।
एक नजर में समझे वोटों का गणित
विधानसभा धर्मेंद्र रुचिवीरा सर्वराज
शेखूपुर 100210 110175 4598
दातागंज 122041 81222 11007
फरीदपुर 94488 73844 14912
बिथरी 125288 86046 18111
आंवला 94350 71813 13779