लोग तो छोड़ रहे बुरी आदतें, सिस्टम भी तो छोड़े

बदल के रहेंगे बरेली - स्टूडेंट्स ने घर-घर जाकर की स्वच्छ शहर बनाने की अपील - पार्षद ने होल

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Feb 2018 03:11 AM (IST) Updated:Thu, 22 Feb 2018 03:11 AM (IST)
लोग तो छोड़ रहे बुरी आदतें, सिस्टम भी तो छोड़े
लोग तो छोड़ रहे बुरी आदतें, सिस्टम भी तो छोड़े

बदल के रहेंगे बरेली

- स्टूडेंट्स ने घर-घर जाकर की स्वच्छ शहर बनाने की अपील

- पार्षद ने होली चौराहे वाली सड़क को लिया गोद, बनाएंगे आदर्श

जागरण संवाददाता, बरेली : दैनिक जागरण ने शहर को स्वच्छ बनाने का जो बीड़ा उठाया है, उसमें शहर के लोग तेजी से जुटने लगे हैं। लोग अपनी बुरी आदतों को छोड़कर स्वच्छता लाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सिस्टम की ओर से भी ये बदलाव लोगों को दिखना चाहिए। प्रयासों के बाद भी तमाम कमियां वार्डो में नजर आ रही हैं। ये कमियां सिस्टम की अनदेखी को दर्शा रही हैं। 'बदल के रहेंगे अभियान' के तहत बुधवार को जागरण की टीम वार्ड 16 संजय नगर में पहुंची। पार्षद के साथ स्टूडेंट्स ने कई गलियों में जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

दरवाजे पर पहुंच बताया स्वच्छता का महत्व

अभियान में स्थानीय पार्षद अवनेश कुमार के साथ ही कई लोग और स्टूडेंट्स वार्ड में स्थित गलियों में पैदल घूमे। हर दरवाजे पर पहुंचकर लोगों को स्वच्छता का महत्व बताया। गंदगी फैलाने से होने वाले नुकसान की जानकारी भी दी। उन्हें छोटी-छोटी आदतों को सुधारने के लिए टिप्स भी दिए। दुकानों पर पहुंचकर कूड़े के लिए कूड़ादान रखने की अपील की। नालियों में कूड़ा नहीं फेंकने को कहा।

समस्याओं से जूझ रहे लोग

संजय नगर वार्ड भीषण अव्यवस्था की चपेट में है। निचला इलाका होने के कारण यहां सबसे बड़ी समस्या जलभराव की है। गलियों से नालियों का पानी आगे नहीं बढ़ रहा है। लोगों के घरों के आगे भी पानी भरा हुआ है। कई गलियां में सड़क टूटी है और पुलिया भी नहीं बनी हैं।

नाले व खाली प्लॉट में भरा कूड़ा

वार्ड में कूड़ा उठाने की व्यवस्था फेल होने के कारण वहां की नाले व खाली प्लॉट कूड़े से ही भर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में कूड़ादान भी कहीं नहीं रखा गया है। लोग घरों का कूड़ा लेकर खाली प्लॉटों या फिर नाले में ही फेंक रहे हैं।

आदर्श सड़क बनाएंगे 'छोटे योगी'

संजय नगर के पार्षद अवनेश कुमार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समान वेशभूषा में ही नजर आते हैं। इस कारण शहरवासी उन्हें 'छोटे योगी' कहकर पुकारने लगे हैं। वार्ड को स्वच्छ बनाने और लोगों को सुविधाएं मुहैया कराने के लिए उनके सामने तमाम चुनौतियां हैं। जागरण के अभियान से जुड़कर उन्होंने वार्ड में होली चौराहे वाली सड़क को गोद लिया। बोले, करीब आठ सौ मीटर इस सड़क को आदर्श मार्ग बनाकर रहेंगे। इसके लिए उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर शपथ भी ली। जनसुविधा के सभी कार्य पूरे करने का भी प्रण उन्होंने लिया।

वार्ड एक नजर में

नाम - संजय नगर

संख्या - 16

जनसंख्या - 25 हजार

वोटर - 12 हजार

मुहल्ले - एक दर्जन

सफाई कर्मचारी - सात

समस्या - जलभराव, कूड़ा, टूटी सड़कें-नालियां, अतिक्रमण आदि

लोगों से बातचीत

- हमारी गली में डेढ़ महीने में सफाई कर्मचारी आता है। घर से कूड़ा उठाने कोई आता ही नहीं है। नालियों का पानी सड़क पर भर रहा है।

प्रवीण श्रीवास्तव

- गलियों में सफाई नहीं होती है। घर के आगे खुद ही साफ करते हैं। नालियों में गंदगी भरी है, जिसकी दुर्गध के कारण घरों में बैठा भी नहीं जाता।

प्रमिला

- घर से कूड़ा उठाने वाले कभी-कभार ही आते हैं। सड़क पर झाड़ू तो लगती ही नहीं। नालियों में कूड़ा होने से वो चोक हो रही हैं।

मीना

- हमारे घर के आगे सड़क नीची हो गई है। इस कारण सारा पानी यहीं भरता है। कई बार कहने के बावजूद नगर निगम के कर्मचारी नहीं सुनते हैं।

कुमकुम शर्मा

पार्षद की बात

क्षेत्र के विकास को बड़े प्रयास की जरूरत है। इसके लिए कई सड़कों, नालियों के प्रस्ताव बनाकर अधिकारियों को दिए हैं। मुख्य नाले की रिपेय¨रग भी कराई जानी है। सफाई कर्मियों की संख्या बढ़वाने और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन पूरे वार्ड में प्रभावी तरीके से लागू करने का भी प्रयास है। गोद ली सड़क को आदर्श मार्ग बनाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

-अवनेश कुमार, पार्षद

chat bot
आपका साथी