Azam Khan's Release: बरेली में आजम खां का जोरदार स्वागत, सपा कार्यकताओं का उत्साह देखकर नम हो गईं आंखें
सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद सपा नेता आजम खान का काफिला सुबह ही सीतापुर से रामपुर के लिए रवाना हो गया था। आजम खां का काफिला जब बरेली के झुमका चौराहे पर पहुंचा तो भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता जुट गए।
बरेली, जेएनएन। सवा दो साल जेल से रिहा हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व विधायक आजम खां का बरेली पहुुंंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। सपा नेता का जिले में फूलमाला पहनाकर स्वागत हुआ। झुमका चौराहे पर स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं का जोश देख आजम की आंखें भी नम हो गईं। उन्होंने हाथ जोड़कर सभी का आभार जताया।
सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद सपा नेता आजम खान का काफिला सुबह ही सीतापुर से रामपुर के लिए रवाना हो गया था। सीतापुर से रामपुर के बीच किसी भी शहर में आजम खान को का काफिला रुकना नहीं था लेकिन, इसी दौरान बरेली के झुमका चौराहे पर भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता आधे घंटे पहले ही फूल माला लेकर खड़े हो गए। लगभग दोपहर 12:45 पर जैसे ही आजम खान का काफिला झुमका चौराहे पर पहुंचा तो कार्यकर्ताओं के जोश के आगे आजम ने काफिला रुकवा दिया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं का जोश देख आजम खां की आंखें भी नम हो गई।
आजम ने वहां मौजूद सपा नेता व पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार समेत अन्य पार्टी पदाधिकारियों से हालचाल पूछा। करीब 10 मिनट झुमका चौराहे पर रुकने के बाद आजम खां का काफिला रामपुर के लिए रवाना हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से झुमका चौराहे पर पहले ही भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। इस दौरान सपा के जिला अध्यक्ष शिवचरण कश्यप, महानगर अध्यक्ष समीम खाँ सुल्तान समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सुप्रीम कोर्ट से मिली है अंतरिम जमानत: आजम खां को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद जेल से रिहा किया गया है। उन्हें फर्जी दस्तावेज के सहारे स्कूल की मान्यता लेने के आरोप में सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दी है। जल्द ही उन्हें सामान्य जमानत के लिए अपील दाखिल करनी होगी। आजम खां 26 फरवरी 2022 को अपनी पत्नी व बेटे के साथ जेल गए थे। पत्नी को 10 माह और बेटे को 23 माह बाद जमानत मिल गई थी लेकिन, आजम अब तक जेल में बंद थे।