सपा में गुटबाजी से अखिलेश नाराज, जल्द हो सकता है संगठन में फेरबदल
समाजवादी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों के बीच तल्खी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंच गई है। उन्होंने बीते दिनों शहर में हुई घटनाओं का संज्ञान लेकर पदाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की नाराजगी को देखते हुए जल्द स्थानीय संगठन में फेरबदल के आसार लग रहे हैं।
बरेली, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों के बीच तल्खी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंच गई है। उन्होंने बीते दिनों शहर में हुई घटनाओं का संज्ञान लेकर पदाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की नाराजगी को देखते हुए जल्द स्थानीय संगठन में फेरबदल के आसार लग रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में तेजी से इसकी चर्चा हो रही है।
सपा के स्थानीय संगठनों की ओर से बीते दिनों हुए कार्यक्रमों में नेताओं के बीच गुटबाजी साफ दिखाई दी। पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों में तीखी झड़पें भी हुई। कुछ दिन पहले महानगर इकाई के दो पदाधिकारियों में खासी नोकझोंक भी हो गई। एक पदाधिकारी ने दूसरे को जूता उतारकर मारने तक की बात कह दी। इस पर पदाधिकारी ने शीर्ष नेताओं को लिखित शिकायत भेजी। मामले का संज्ञान राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिया है। उन्होंने घटनाओं की सत्यता जानने के लिए स्थानीय पदाधिकारियों समेत कुछ वरिष्ठ नेताओं से रिपोर्ट देने को कहा। यहां से रिपोर्ट भेजी भी जा चुकी है, जिसमें कार्यकर्ताओं के बीच आपसी तनातनी की बात कही गई है। साथ ही यहां नेताओं के बीच चल रही गुटबाजी के बारे में भी बताया गया है। यह भी कहा गया है कि पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के बीच का मनमुटाव पार्टी को नुकसान पहुंचा सकता है। स्थानीय संगठन में इस तरह की घटनाओं पर राष्ट्रीय अध्यक्ष खासे नाराज हुए हैं। उनकी नाराजगी की वजह से स्थानीय संगठन में जल्द फेरबदल की उम्मीद जताई जा रही है। इसकी जानकारी होने पर स्थानीय नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में खलबली मची हुई है।