समर्थकों का हुजूम, सड़कें जाम और सियासत गर्म

जागरण संवाददाता चित्रकूट जिले की मानिकपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सोमवार को

By JagranEdited By: Publish:Mon, 30 Sep 2019 10:27 PM (IST) Updated:Tue, 01 Oct 2019 06:20 AM (IST)
समर्थकों का हुजूम, सड़कें जाम और सियासत गर्म
समर्थकों का हुजूम, सड़कें जाम और सियासत गर्म

जागरण संवाददाता, चित्रकूट : जिले की मानिकपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सोमवार को कर्वी मुख्यालय में झांसी-मीरजापुर हाईवे से लेकर अंदरूनी गलियों तक गहमागहमी रही। जाम में फंसे हजारों लोग बिलबिला उठे। पटेल तिराहा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी देर तक एंबुलेंस फंसी रही। पुलिसकर्मियों व कुछ कार्यकर्ताओं ने एंबुलेंस को रास्ता दिलाया। उपचुनाव को लेकर जुलूसों को देखकर लोग अपनी गुणा गणित लगाते रहे। इससे सियासी माहौल गर्म दिखाई पड़ा। प्रमुख दल भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा, अन्नदाता पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी समेत सात उम्मीदवारों ने शाम तीन बजे से पहले नामांकन दाखिल किए। 23 सितंबर से नामांकन शुरू होने के बाद भी पितृपक्ष के कारण किसी ने नामांकन नहीं कराया था। मंत्रियों व समर्थकों संग निकले भाजपा के आनंद, भरा पर्चा

भारतीय जनता पार्टी के घोषित प्रत्याशी आनंद शुक्ला के समर्थन में सोमवार को झांसी-मीरजापुर रोड किनारे पटेल उत्सव कर्वी परिसर में कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। यहां जन सभा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह, प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमला रानी वरुण, जिलाध्यक्ष व लोक निर्माण राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, प्रदेश मंत्री प्रकाश पाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से जनता को मिले लाभ, गांव-गांव पहुंच रही सुविधाओं पर फोकस करें। बूथ तक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। इसके बाद पैदल व वाहनों से जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट के लिए निकले तो माहौल भगवा हो गया। मंत्रियों की मौजूदगी में आनंद ने नामांकना पत्र दाखिल किया। तिरंगे झंडे लहरा विधायकों संग कांग्रेसी रंजना पहुंची कलेक्ट्रेट

कांग्रेस उम्मीदवार रंजना बरातीलाल पांडेय के समर्थकों का जमावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे कर्वी मुख्यालय में डॉ सुरेंद्र अग्रवाल के हाता स्थित मैदान में लगा। यहां पर मानिकपुर विधानसभा सीट प्रभारी ललितेश त्रिपाठी, विधायक सतना चित्रकूट नीलांशु चतुर्वेदी और मीरजापुर विधायक राम कृपाल कोल, पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल, पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी, संपत पाल, बांदा जिलाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने जन सभा में समर्थकों से कांग्रेस के लिए जन समर्थन जुटाने की अपील की। कहा कि कांग्रेस पार्टी के हर बूथ तक मौजूद कार्यकर्ता इस बार नई इबारत लिखें। इसके बाद तिरंगे झंडे लहराते हुए पैदल व वाहनो से जुलूस लेकर समर्थक कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। रंजना पांडेय ने सुबह और शाम तीन बजने से कुछ देर पहले दो सेट में पर्चा भरा। बस अड्डे से जुलूस निकाल सपा के निर्भय ने कराया नामांकन

समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ निर्भय सिंह पटेल के समर्थन में बस अड्डा के पास पहले श्रृंगार पैलेस में जन सभा हुई। इसमें राज्य सभा सदस्य विशंभर निषाद, पूर्व सांसद श्यामा चरण गुप्ता, पूर्व सांसद फूलपुर नागेंद्र पटेल, पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल, विशंभर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिव शंकर यादव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति समझाई। टिप्स देकर बूथ पर लड़ने का तरीका सिखाया गया। कहा गया कि यह लड़ाई एक-एक कार्यकर्ता की है। इसलिए अब परीक्षा की घड़ी में सभी एकजुट होकर मैदान में डट कर काम करें। इसके बाद पैदल और वाहनों से समर्थकों के साथ निकले निर्भय सिंह ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र दो सेट में दाखिल किया। बसपा नेताओं के साथ राज नारायण ने दाखिल किया पर्चा

बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार राज नारायण उर्फ निराला कोल के समर्थन में सोनेपुर पेट्रोल पंप से पहले मैदान में कार्यकर्ताओं की भीड़ इकट्ठा हुई। यहां पर पूर्व मंत्री गया चरन दिनकर, मुख्य जोन इंचार्ज वाराणसी-आजमगढ़ अशोक गौतम, झांसी-चित्रकूट मंडल के मुख्य जोन इंचार्ज लाला राम अहिरवार, पूर्व विधायक केपी राजपूत व चंद्र भान सिंह पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बांदा बलदेव वर्मा, कौशलेंद्र सिंह ने सभी को पार्टी के प्रत्याशी के लिए माहौल बनाने को कहा। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के कार्यकाल की बेहतरी जनता के बीच पहुंचाने की अपील की। इसके बाद समर्थकों के साथ पार्टी कार्यकर्ता पैदल और वाहनों से कलेक्ट्रेट के लिए निकले। वहां पर राज नारायण ने दो सेट में पर्चा दाखिल किया। इससे पहले वह एक सेट में सादगी के साथ पर्चा भर चुके थे।

chat bot
आपका साथी