गैंसड़ी उपचुनाव में भाजपा ने चौथी बार ‘शैलू’ पर जताया भरोसा, सपा ने पूर्व मंत्री के बेटे राकेश यादव को बनाया प्रत्याशी

UP News गैंसड़ी से भाजपा ने शैलेश सिंह को लगातार चौथी बार उम्मीदवार बनाया है। विधानसभा सामान्य चुनाव 2022 में सपा के पूर्व मंत्री डॉ. एसपी यादव ने भाजपा के शैलेश सिंह को 5837 मतों के अंतर से हराकर भगवा लहर में साइकिल चलाई थी। बीमारी के कारण उनकी मौत होने से खाली हुई सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

By Jagran NewsEdited By: Vinay Saxena Publish:Tue, 16 Apr 2024 01:03 PM (IST) Updated:Tue, 16 Apr 2024 01:03 PM (IST)
गैंसड़ी उपचुनाव में भाजपा ने चौथी बार ‘शैलू’ पर जताया भरोसा, सपा ने पूर्व मंत्री के बेटे राकेश यादव को बनाया प्रत्याशी
गैंसड़ी उपचुनाव में भाजपा ने शैलेश स‍िंह को बताना प्रत्‍याशी।

अमित श्रीवास्तव, बलरामपुर। गैंसड़ी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने पूर्व विधायक शैलेश सिंह शैलू पर एक बार फिर भरोसा जताया है। गैंसड़ी से भाजपा ने शैलेश सिंह को लगातार चौथी बार उम्मीदवार बनाया है।

विधानसभा सामान्य चुनाव 2022 में सपा के पूर्व मंत्री डॉ. एसपी यादव ने भाजपा के शैलेश सिंह को 5837 मतों के अंतर से हराकर भगवा लहर में साइकिल चलाई थी। बीमारी के कारण उनकी मौत होने से खाली हुई सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। सपा ने सहानुभूति का दांव चलकर पूर्व मंत्री डा. एसपी यादव के बड़े बेटे राकेश यादव को प्रत्याशी बनाया है जो भाजपा को टक्कर दे रहे हैं।

लखनऊ छात्र संघ अध्यक्ष से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले शैलेश सिंह पहली बार गैंसड़ी विधानसभा से 2012 में भाजपा के टिकट पर चुनावी समर में उतरे। इस चुनाव में सपा के डा. एसपी यादव ने 56,744 मत लेकर जीत दर्ज की थी। भाजपा 32702 मत लेकर तीसरे स्थान पर रही। इस चुनाव में बसपा के अलाउद्दीन खां को 33044 मत मिले थे।

2017 में शैलू ने दर्ज की थी जीत  

2017 में भाजपा ने शैलू को ही अखाड़े में उतारा। इस बार शैलेश सिंह ने 55,716 मत हासिल कर बसपा के अलाउद्दीन खां 53,413 को हराकर कमल खिलाया था। सपा के डॉ. एसपी यादव को 46,378 मत लेकर तीसरे पायदान पर धकेल दिया था। 2022 के चुनाव में सपा के डॉ. एसपी यादव ने 75,345 मत प्राप्त कर भाजपा के शैलू सिंह को 5837 मतों से पराजित किया। इस चुनाव में शैलू को 69,508 मत मिले थे और बसपा के अलाउद्दीन खां को 31914 वोट मिले थे।

बसपा के आने से होगा रोमांचक मुकाबला

वैसे तो गैंसड़ी के मतदाता हर पांच साल चुनाव में अपना नेता बदल देते हैं। इस बार उप चुनाव में मतदाता किसको अपना विधायक चुनते हैं। यह आने वाले दिनों में पता चलेगा लेकिन, भाजपा को लोकसभा चुनाव के साथ हो रहे उप चुनाव का लाभ मिलता दिख रहा है।

उपचुनाव में पहली बार बसपा के भी मैदान में उतरने की चर्चा से मुकाबला रोमांचक होगा। बसपा के आने से साइकिल की राह आसान नहीं रहेगी। क्योंकि पिछले चुनावों में बसपा को मिले मतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी