कोहरे का सितम जारी, गलन ने बढ़ाई दुश्वारी

अधिकतम 23 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा कंबल को तरस रहे जरूरतमंद

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Jan 2021 10:21 PM (IST) Updated:Wed, 20 Jan 2021 10:21 PM (IST)
कोहरे का सितम जारी, गलन ने बढ़ाई दुश्वारी
कोहरे का सितम जारी, गलन ने बढ़ाई दुश्वारी

बलरामपुर : जिले में ठंड के पलटवार से आमजन की परेशानी फिर से बढ़ गई है। बुधवार सुबह से ही घना कोहरा व बदली छाए रहने से गलन बढ़ गई है। सार्वजनिक स्थानों पर लोग अलाव तापकर ठंड से निजात पाने की जुगत कर रहे। तापमान अधिकतम 23 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सूर्य देव के दर्शन न होने से बच्चे घरों में ही दुबके रहे। उधर बदले मौसम से किसान फसलों को लेकर चितित हैं। कृषि विज्ञान केंद्र पचपेड़वा के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अंकित तिवारी ने बताया कि आगामी सप्ताह में जिले में आसमान साफ रहने व हल्के कोहरे की भी संभावना है। उत्तर पश्चमी तेज हवाओं के कारण दो-तीन दिनों तक तापमान में गिरावट दर्ज होने से ठंड बढ़ने के आसार हैं।

कंबल को तरस रहे जरूरतमंद :

- तराई इलाके में कोहरे का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। पारा लुढ़कने से सुबह-शाम हो रही ठिठुरन आर्थिक रूप से तंग परिवारों के लिए दु:खदाई है। गत वर्ष कंबल के इंतजार में ठंड बीत गई, लेकिन जैम पोर्टल से खरीद नहीं हो सकी थी। इस वर्ष भी कंबल वितरण की आस दम तोड़ती नजर आ रही है। वजह नगर पालिका प्रशासन खजाना खाली होने की दुहाई देकर कंबल वितरण से हाथ पीछे खींच रहा है।

नपाप बलरामपुर में अचलापुर, पहलवारा, भगवतीगंज, नहर बालागंज, अंधियारी, सिविल लाइन समेत विभिन्न मुहल्लों में फूस की झोपड़ी व होटलों के बाहर रात गुजारने वालों पर जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ रही है। इसी तरह उतरौला के आर्यनगर, सुभाषनगर, गांधीनगर मुहल्लों में भी जरूरतमंदों को ठंड से बचाव के लिए सिर्फ अलाव का सहारा है।

जरूरतमंदों को मिलेगा कंबल :

- नपाप बलरामपुर अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली का कहना है कि फिलहाल खजाना खाली है। कोरोना के कारण नपाप के फंड में धन की कमी है। बजट की उपलब्धता पर कंबल वितरण की योजना बनाई जाएगी।

chat bot
आपका साथी