शक्तिपीठ देवीपाटनः नेपाल के सिद्ध योगी रतन नाथ की शोभायात्रा में उमड़ा सैलाब

नेपाल से आए सिद्ध पीर रत्ननाथ की शोभायात्रा का भारत की धरती पर जोरदार स्वागत हुआ। पीर रत्न नाथ योगी के जयकारे से समूचा नगर गूंज उठा।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Thu, 22 Mar 2018 05:09 PM (IST) Updated:Thu, 22 Mar 2018 07:07 PM (IST)
शक्तिपीठ देवीपाटनः नेपाल के सिद्ध योगी रतन नाथ की शोभायात्रा में उमड़ा सैलाब
शक्तिपीठ देवीपाटनः नेपाल के सिद्ध योगी रतन नाथ की शोभायात्रा में उमड़ा सैलाब

बलरामपुर (जेएनएन)। नेपाल से आए सिद्ध पीर रत्ननाथ की शोभायात्रा का भारत की धरती पर जोरदार स्वागत हुआ। पीर रत्न नाथ योगी के जयकारे से समूचा नगर गूंज उठा। शौर्य व पराक्रम की पहचान तलवार हाथ में लेकर श्रद्धालु पात्र देवता की शोभा यात्रा के आगे-आगे चल रहे थे। पूरे जोश के साथ बज रहे भक्ति संगीत में सराबोर श्रद्धालु थिरकते नजर आए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था व गाजे-बाजे के साथ शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पर पहुंची शोभायात्रा का समय माता के स्थान पर महंत मिथिलेश नाथ योगी ने परंपरानुसार स्वागत किया। मंदिर पहुंचकर पात्र देवता के प्रधान पुजारी ने नेपाली पूजन विधि से मां पाटेश्वरी का पूजन किया। 

श्रद्धालुओं ने लगाया रोट का भोग 

नेपाल के दांग चौखड़ा से पीर रत्ननाथ योगी की शोभायात्रा चैत्र नवरात्रि की पंचमी को शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पर सदियों से आ रही है। यह यात्रा भारत-नेपाल के रोटी-बेटी व मैत्री संबंधो को जीवंत रखने में अग्रणी भूमिका निभाती है। गुरुवार को पात्र देवता पीर रत्न नाथ योगी के दर्शन-पूजन के लिए भोर से ही सैकड़ों श्रद्धालु यात्रा मार्ग पर बैठे रहे। पात्र देवता की एक झलक पाते ही श्रद्धालुओं ने गुड़ व आटे के बने रोट का भोग लगाया। इसके पूर्व नकटी नाला पर बने उदासीन आश्रम पर प्रवीण सिंह विक्की की अगुवाई में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया।

पंचमी से नवमी तक पूजा 

शोभायात्रा में हजारों की संख्या में शामिल श्रद्धालु पीर रत्ननाथ का  जयघोष करते हुए देवीपाटन पहुंचे। यात्रा मार्ग पर लोग अपने छतों से पुष्प वर्षा करते रहे। यात्रा के दौरान उपजिलाधिकारी सतीश त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक एसके त्रिपाठी, मेला इंचार्ज सुरेश वर्मा अपने दल-बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे। डॉ. एसएन तिवारी, अरुणदेव आर्य जैसे लोग बड़ी संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा के पूजन कार्यों में सहयोग करते दिखे। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि पंचमी से नवमी तक देवीपाटन मंदिर की पूजा पीर रत्ननाथ के पुजारी करेंगे। मंदिर का घंटा व नगाड़ा भी नहीं बजाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी