गड्ढे के पानी में स्नान करते समय डूबे दो मासूम, मौत

थाना क्षेत्र के असना गांव में सड़क किनारे बने गड्ढे में भरे बारिश के पानी में शुक्रवार को सुबह 11 बजे स्नान करते समय दो बच्चे डूब गए।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 05:48 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 10:13 PM (IST)
गड्ढे के पानी में स्नान करते समय डूबे दो मासूम, मौत
गड्ढे के पानी में स्नान करते समय डूबे दो मासूम, मौत

जागरण संवाददाता, मनियर (बलिया) : थाना क्षेत्र के असना गांव में सड़क किनारे बने गड्ढे में भरे बारिश के पानी में शुक्रवार को सुबह 11 बजे स्नान करते समय दो बच्चे डूब गए। ग्रामीणों ने कुछ ही पल में दोनों बच्चों को पानी से निकाल लिया लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी होते ही दोनों के परिवार में कोहराम मच गया। एक बालक अपने नाना के घर कुछ ही दिन पहले आया हुआ था।

असना गांव के पास धनौती मार्ग बनाने के लिए सड़क किनारे जेसीबी से खोदाई की गई थी, इससे लगभग चार फीट गड्ढा हो गया था। कुछ दिन पूर्व हुई बरसात में यह गड्ढा भर गया था। इसमें गांव के छोटे बच्चे सुबह स्नान करने पहुंच गए। बच्चे स्नान करते हुए उछल कूद मचा रहे थे। गौतम कुमार चौहान (7 वर्ष) पुत्र गणेश चौहान व ननिहाल में आए कृष कुमार राजभर (8 वर्ष) पुत्र कृष्णा राजभर निवासी नारायणपुर थाना बांसडीह डूब गए। यह देख साथ स्नान कर रहे अन्य बच्चे डर के मारे चिल्लाते हुए गांव की तरफ भागे। यह देख लोग भी उक्त स्थान की ओर दौड़ पड़े।

वहीं, दोनों बच्चों के डूबने की जानकारी होते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीण ने तत्काल दोनों बच्चों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कृष कुमार राजभर अपने नाना सुकर राजभर के यहां अभी कुछ दिन पहले ही आया हुआ था।

chat bot
आपका साथी