गंगा स्नान करते समय दो किशोर डूबे, तलाश

गंगा में स्नान करते समय किशोर डूबा तलाश जारी

By JagranEdited By: Publish:Tue, 12 Nov 2019 11:57 PM (IST) Updated:Wed, 13 Nov 2019 06:03 AM (IST)
गंगा स्नान करते समय दो किशोर डूबे, तलाश
गंगा स्नान करते समय दो किशोर डूबे, तलाश

जागरण संवाददाता, दुबहर (बलिया) : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को दो किशोर गंगा में स्नान करते समय डूब गए। शिवरामपुर गंगा तट पर स्नान करते समय शिवम पांडेय (16 वर्ष) व हुकुमछपरा घाट पर विशाल पटेल (17 वर्ष) डूब गए। इससे दोनों के परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों व प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी किशोरों का पता नहीं चल सका। शिवम माता-पिता का इकलौता संतान था।

शिवम पाण्डेय पुत्र राजकुमार पांडेय सुबह घर से कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए अपने दोस्तों के साथ शिवरामपुर घाट पर गया। वहां वह दोस्तों के साथ स्नान कर रहा था। इसी बीच वह गहरे पानी में चला गया। जब तक वह संभलता उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा नदी में डूब गया। इस दौरान उसके दोस्तों की भी नजर उस पर नहीं पड़ी। देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिता होने लगी। परिजनों को घाट पर उसका कपड़ा और मोबाइल मिला।

परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। दोस्तों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि गंगा नदी में स्नान करते समय शिवम का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। यह सुनते ही शिवम के परिवार वालों होश उड़ गए और लोग वहीं जोर- जोर से विलाप करने लगे। वह अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। राजकुमार पांडे के दो पुत्रियों के बाद शिवम कई मन्नतों के बाद हुआ था। ग्रामीणों ने अपने स्तर से खोजने का काफी प्रयास किया, लेकिन कहीं अता-पता नहीं चल सका। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए। गंगा में किशोर के डूबने की आशंका

जासं, मझौवां (बलिया) : क्षेत्र के हुकुमछपरा गंगा घाट पर मंगलवार की सुबह अपने परिवार के संग स्नान करने गया विशाल कुमार पटेल (17 वर्ष) लापता हो गया। परिजनों ने उसके गंगा में डूबने की आशंका व्यक्त की है। जैसे ही विशाल के लापता होने की सूचना गंगा घाट पर फैली, लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी। मौके पर पहुंची हल्दी पुलिस भी विशाल को लेकर हरकत में आ गई। रुद्रपुर गायघाट निवासी राजू पटेल का पुत्र विशाल पटेल अपने परिजनों के साथ हुकुम छपरा गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान करने आया था। इस दौरान उसके माता-पिता गंगा में स्नान कर निकल गए कितु विशाल कुमार पटेल का कोई अता- पता नहीं चल सका। परिजनों ने गंगा घाट पर विशाल की काफी खोजबीन करने के साथ ही इसकी सूचना हल्दी पुलिस को दी। कटहलनाला में युवती डूबी

जासं, बलिया : सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर माधोपुर के पास कटहलनाला में शौच के लिए गई एक युवती डूब गई। स्थानीय गोताखोरों के काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। रामपुर माधोपुर निवासी पूजा (20 वर्ष) अपनी मां के साथ मंगलवार को शौच के लिए गई थीं। इसी दौरान पैर फिसलने से वह कटहलनाले में डूब गई। गोताखोरों ने कटहलनाला में पूजा को खोजने का बहुत प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।

chat bot
आपका साथी