रैली स्थल को संवारने में जुटे भाजपाई

By Edited By: Publish:Fri, 25 Oct 2013 10:39 PM (IST) Updated:Fri, 25 Oct 2013 10:40 PM (IST)
रैली स्थल को संवारने में जुटे भाजपाई

बहराइच : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार व गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल की भूमि के समतलीकरण का कार्य शुरू हो गया है।

रैली के संयोजक व भाजपा के अवध प्रांत अध्यक्ष व विधायक मुकुट बिहारी वर्मा ने बताया कि सभी भू स्वामियों से सहमति प्राप्त करने के बाद एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर लगाकर तीन लाख लोगों के बैठने की क्षमता के मैदान को बराबर कराए जाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। उन्होंने बताया कि समतलीकरण अभियान को मीडिया प्रभारी राहुल राय, भाजपा उपाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल, श्रवण शुक्ल, कमलशेखर गुप्ता की देखरेख में पूरा किया जाएगा। विधायक ने बताया कि समस्त कार्यो के निगरानी की जिम्मेदारी राष्ट्रीय परिषद के सदस्य व पूर्व एमएलसी सुभाष त्रिपाठी को सौंपी गई हैं। रैली में महिलाओं की भागीदारी अधिक होने के लिए महिला मोर्चा को जनसंपर्क तेज करने को कहा गया है।

इनसेट : मंडलवार बैठकें कर जागरुकता अभियान को गति

बहराइच : भाजपा ने संगठन की मंडलवार बैठकें कर मोदी की रैली में अधिक से अधिक लोगों को शामिल करने के लिए अभियान तेज कर दिया है।

रामगांव मंडल बैठक की अध्यक्षता पूर्व सांसद पद्मसेन चौधरी ने की। विचार-विमर्श के बाद क्षेत्र से 55 ट्रैक्टर-ट्राली व एक सौ बाइकों के काफिले के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं के भाग लेने की योजना को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में भाजपा उपाध्यक्ष आनंद गोंड, मंडल अध्यक्ष डॉ.ललित तिवारी सहित क्षेत्र के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। उर्रा मंडल की बैठक पूर्व मंत्री अक्षयवर लाल गोंड की अध्यक्षता में हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं को रैली स्थल तक भेजने की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में जिला महामंत्री योगेश प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष उदयराज, परमदेव निषाद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। राजीचौराहा संवादसूत्र के अनुसार महसी मंडल की बैठक पूर्व विधायक सुरेश्वर सिंह की अध्यक्षता में उनके आवास पर हुई। नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित रैली की तैयारियों को लेकर सेक्टर अध्यक्षों व बूथ प्रमुखों को दिशा-निर्देश दिए गए। अधिक से अधिक लोगों को रैली में लाने का आह्वान किया गया। बैठक में बृजेश्वर सिंह, उमाशंकर गुप्ता, शैलेंद्र सिंह, भारतभूषण मिश्रा, कौशल सिंह, विमल कुमार, त्रिलोकीनाथ, दिनेश्वर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी