दो अज्ञात बच्चों की गला रेतकर हत्या

गन्ने के खेत में मिले शव अब तक नहीं हो सकी शिनाख्त पुलिस अधीक्षक ने लिया घटना स्थल का जायजा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 10:22 PM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 10:22 PM (IST)
दो अज्ञात बच्चों की गला रेतकर हत्या
दो अज्ञात बच्चों की गला रेतकर हत्या

बहराइच : अज्ञात हत्यारों ने दो बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों के शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस शिनाख्त में जुटी हुई है। प्रथम दृष्टया दोनों भाई-बहन लग रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने एएसपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह के साथ घटना स्थल का जायजा लिया। फिगर प्रिट एवं डॉग स्क्वाड का हत्यारों की तलाश में सहारा लिया गया।

फखरपुर के गजाधरपुर ग्राम पंचायत के गजाधरपुर-बसंता संपर्क मार्ग पर सड़क किनारे शनिवार की सुबह श्रीराम लोधी के खेत में पशुओं के लिए घास काटने गए किसानों ने दो बच्चों के शव देखे, जिसमें एक लड़का व एक लड़की थी। लड़के की उम्र करीब आठ वर्ष एवं लड़की की उम्र 10 वर्ष है। दोनों बच्चे केवल लोअर पहने हैं। दोनों बच्चों की हत्यारों ने गला रेतकर निर्मम हत्या की। हत्या शुक्रवार की रात की बताई जा रही है।

ग्रामीणों ने सूचना थाना प्रभारी फखरपुर राजेश कुमार को दी। वह तुरंत घटना स्थल पहुंचे। तमाम कोशिश के बाद आसपास के लोग दोनों बच्चों की पहचान बता पाने में असमर्थ रहे। सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि जब तक शिनाख्त नहीं हो जाती, तब तक हत्या की वजह बता पाना संभव नहीं है। मृतकों की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों से मदद मांगी जा रही है।

फिगरप्रिट एक्सपर्ट को मिले अहम सुराग

डॉग स्क्वाड टीम ने अगल-बगल के खेतों में तलाशी ली। फिगरप्रिट एक्सपर्ट ने घटनास्थल से नमूने संकलित किए। मौके से मास्क मिले हैं। घटना स्थल से 50 मीटर की दूरी पर नहर की झाड़ियों में बच्चों के कपड़े बरामद हुए हैं। ग्रामीणों ने बीती शाम छह बजे सड़क किनारे बच्चों के साथ दो अन्य लोगों को मास्क लगाकर बैठा देखा था। मौके से बियर की बोतल भी मिली हैं। उप जिलाधिकारी महेश कुमार कैथल ने बताया कि आसपास के चौराहों पर लगे कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।

घटना से भाव विह्वल हुए लोग

शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। दो बच्चों की निर्दयता से हुई हत्या से हर कोई भाव विह्वल हो गया। हर किसी के आंखों से बरबस आंसू बहने लगे। ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि फखरपुर रणवीर सिंह, विशाल सिंह, भगौती प्रसाद के अलावा सपा नेता प्रमोद सिंह जादौन एवं अवधेश वर्मा ने घटना को अमानवीय बताया और जल्द से जल्द घटना का राजफाश कर आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। कोट

घटना का राजफाश करने के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा चार टीमें लगाई जा रही हैं। जल्द ही शिनाख्त कर पुलिस हत्यारों को दबोच लेगी।

-सुजाता सिंह, पुलिस अधीक्षक

chat bot
आपका साथी