24 घंटे से बिजली गुल, जेई को बंधक बनाया

By Edited By: Publish:Wed, 27 Aug 2014 10:40 AM (IST) Updated:Wed, 27 Aug 2014 10:40 AM (IST)
24 घंटे से बिजली गुल, जेई को बंधक बनाया

बहराइच : जिले में विद्युत आपूर्ति की स्थिति दिनोंदिन चरमराती जा रही है। शहर व गांव दोनों ही स्थानों पर बिजली को लेकर हाहाकार की स्थिति है। दिन का चैन व रात का सुकून बिजली न आने से छिन गया है। पयागपुर में बिजली न मिलने से आक्रोशित लोगों ने बहराइच-गोंडा राजकीय राजमार्ग जामकर प्रदर्शन किया। विभाग के अवर अभियंता को बंधक बना लिया। विशेश्वरगंज में भी 24 घंटे से बिजली गुल है। लोगों का आक्रोश कभी भी फूट सकता है।

पयागपुर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पटरी से नीचे उतर चुकी है। क्षेत्रीय जनता को दिन-रात मिलाकर दो घंटे की भी आपूर्ति मिलना दिवास्वप्न साबित हो रहा है। बीते एक सप्ताह में विद्युत आपूर्ति का रोस्टर धराशायी हो गया है। मंगलवार को नागरिकों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष रामनिवास सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों क्षेत्रीय नागरिकों ने विद्युत उपकेंद्र के सामने गोंडा-बहराइच मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत उपकेंद्र पर लगे महा कैंप को बंद करा दिया। अवर अभियंता अजय यादव को बंधक बनाकर घंटों मार्ग पर बैठाए रखा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आपूर्ति का शेड्यूल निर्धारित कर आपूर्ति दी जाए। प्रदर्शनकारियों को मनाने में थाने की पुलिस को पसीने छूट गए। अधिशासी अभियंता के फोन पर आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। जाम के चलते यात्रियों को काफी परेशानियां उठानी पड़ी। इस जाम में मरीज ले जा रही एक एंबुलेंस भी फंस गई। प्रदर्शन कर रहे श्यामू माहेश्वरी, सोनू मिश्रा, बिट्टन सिंह, गुड्डू शुक्ला, दीपक रस्तोगी, छोटू शर्मा, अनिल राव, रवींद्र सिंह सहित सैकड़ों उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि वार्ता के मुताबिक आपूर्ति नहीं दी जाती है तो पुन: उपकेंद्र का घेराव किया जाएगा। उधर विशेश्वरगंज क्षेत्र में बीते 24 घंटे से बिजली गायब है। उमस भरी गर्मी में बिजली न मिलने से विशेश्वरगंज क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। सोमवार से क्षेत्र में बिजली गुल रही जबकि बिजली का रूटीन समय रात में 11 बजे से सुबह 5 बजे तक और दिन में 2 बजे से शाम 6 बजे तक का है। कभी भी रूटीन समय के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं मिलती है। कटौती के लिए घंटों की संख्या बढ़ रही है। विद्युत निदेशक कार्मिक का विशेश्वरगंज पावर हाउस में ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने घेराव किया था। निदेशक ने ग्रामीणों को बिजली देने का आश्वासन दिया था। लोगों ने शासन प्रशासन से मांग की है कि बिजली आपूर्ति रोस्टर के मुताबिक नहीं मिली तो सड़क जाम कर प्रदर्शन को मजबूर होंगे।

chat bot
आपका साथी