11 साल में बनकर तैयार हुई जेल

जागरण संवाददाता, खेकड़ा : तहसील के अब्दुलपुर गांव के जंगल में करीब 11 साल पहले मार्च 2004 में जिला का

By Edited By: Publish:Fri, 28 Aug 2015 11:06 PM (IST) Updated:Fri, 28 Aug 2015 11:06 PM (IST)
11 साल में बनकर तैयार हुई जेल

जागरण संवाददाता, खेकड़ा : तहसील के अब्दुलपुर गांव के जंगल में करीब 11 साल पहले मार्च 2004 में जिला कारागार के निर्माण का सफर शुरू हुआ था। तीन बार बजट के अभाव में निर्माण कार्य बीच में लटका भी। दो साल तो कार्य पूरी तरह से बंद रहा। जेल निर्माण के लिए पहले बजट 11.50 करोड़ का प्रस्तावित था, जो बाद में 2007 तक के लिए 17.85 करोड़ तक पहुंच गया। बजट आने के बाद राजकीय निर्माण एजेंसी ने अगस्त 2015 में कार्य पूरा किया, जिस पर कुल 29.61 करोड़ रुपये व्यय हुए। गत वर्ष 15 अगस्त को जिला कारागार का लोकार्पण होना था, लेकिन निर्माण कार्य में बाधा आने से यह कार्य बीच में लटक गया था। काफी प्रतीक्षा व अधिकारियों के दबाव के कारण जेल को हैंडओवर करना पड़ा।

जिला कारागार : एक नजर में

कुल कैदी क्षमता: 660

महिला बैरक में: 30

बच्चा बैरक में: 30

क्लास बी की बैरक में: 60

सामान्य बैरक में कैदी: 480

अस्पताल में: 30

तन्हाई बैरक में 22 (छह महिलाएं व छह बच्चे, दस सामान्य)

कुल भूमि की उपलब्धता: करीब 21 एकड़

अधिकारी व कर्मचारी आवास: 70

कार्यदायी संस्था : उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लि. सूडा इकाई मेरठ।

शुरू में रखे जाएंगे 150 से 300 कैदी

जेल अधीक्षक एमएल यादव ने बताया, शुरू में जिला कारागार में 150 कैदी रखे जाएंगे, जिनकी संख्या बाद में 300 तक हो सकेगी। जैसे जैसे सुविधा बढ़ेगी, कैदियों की संख्या भी बढ़ाई जा सकेगी। उन्होंने बताया, मेरठ जेल में बागपत के कैदियों की संख्या करीब एक हजार है, जो धीरे धीरे यहीं पर शिफ्ट कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया, पेशी पर आने वाले कैदियों को बागपत जेल में शिफ्ट कर दिया जाएगा। करीब एक माह में सभी कैदी मेरठ से बागपत जेल में शिफ्ट कर दिए जाएंगे।

बाद में डबल स्टोरी बनेगी जिला जेल

डीआइजी जेल रघुवीर लाल ने बताया, अभी तक तो जेल ¨सगल स्टोरी ही रहेगी, लेकिन इसका निर्माण ऐसे कराया गया है यदि जरूरत हुई तो इसे डबल स्टोरी में भी बदल दिया जाएगा।

सब्जी आदि के लिए क्रय होगी 20 एकड़ भूमि

जेल अधीक्षक ने बताया, कैदियों के लिए सब्जी की उपलब्धता के लिए लंबे समय तक बाजार पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सब्जी उगाने के लिए कारागार विभाग की ओर से करीब 20 एकड़ कृषि भूमि क्रय की जाएगी, जिसमें कैदी सब्जी उगा सकेंगे।

इंद्र देवता ने भी किया स्वागत

शुक्रवार को जैसे ही जिला कारागार का हैंडओवर हुआ, इंद्र देवता ने भी स्वागत किया। हवन होने के बाद बरसात भी थम गई। लोगों व अधिकारियों का कहना था कि सुरक्षा की दृष्टि से हवन किया गया और कैदियों को बेहतर सुविधा मिले, इसके लिए इंद्र भगवान ने भी बरसात कर संदेश दे दिया।

एमएल यादव बने पहले जेल अधीक्षक

खेकड़ा : जिला कारागार के लिए पहले जेल अधीक्षक बनने का सौभाग्य नोएडा जेल में अधीक्षक का अतिरिक्त कार्य देख रहे मिजाजीलाल यादव को बागपत जिला कारागार का अधीक्षक नियुक्त किया गया है। हालांकि, उनकी नियुक्ति दिसम्बर 2014 में ही हो गई थी, लेकिन यहां कुछ काम न होने से उनको नोएडा जेल का कार्य देखने को कहा गया था। अब जेल शुरु होने से उन पर यही का कार्यभार रहेगा। हैंडओवर के समय आए डीआइजी जेल ने शुक्रवार को ही जेलर के रूप में रामशिरोमणि यादव को नया जेलर नियुक्त किया है। शुक्रवार को ही उन्होंने ने भी चार्ज संभाल लिया।

chat bot
आपका साथी