धरने पर ही मनेगी मिल कर्मियों की दीपावली

जासं, बदायूं : शेखूपुर चीनी मिल के कार्यरत एवं रिटायर दोनों तरह के कर्मचारियों की दीपावली फीकी ही रह

By Edited By: Publish:Tue, 21 Oct 2014 11:48 PM (IST) Updated:Tue, 21 Oct 2014 11:48 PM (IST)
धरने पर ही मनेगी मिल कर्मियों की दीपावली

जासं, बदायूं : शेखूपुर चीनी मिल के कार्यरत एवं रिटायर दोनों तरह के कर्मचारियों की दीपावली फीकी ही रहेगी। आंदोलन जारी रहने से इनकी दीपावली धरनास्थल पर ही मनाये जाने के आसार दिख रहे हैं।

चीनी मिल पर चल रही कर्मचारी यूनियन की हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। कर्मचारी नेताओं के साथ प्रधान प्रबंधक की हुई वार्ता भी बेनतीजा रही। कर्मचारी नेता मो.असरार अहमद ने कहा कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। इसके बाद भी शासन, प्रशासन को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। मजदूरों के प्रति किसी की कोई संवेदना ही नहीं है। यूनियन के अध्यक्ष जगदीश चंद्र शर्मा ने कहा कि सरकार जब तक मांगें पूरी नहीं कर देती आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर रविंद्र पाल शर्मा, मो.इस्लाम खां, नरेंद्र दुआ, कौशर अली, दिनेश आर्या, रामऔतार पाल, सईदउद्दीन, भगवानदीन आदि मौजूद रहे।

उधर, मालवीय आवास गृह पर सेवानिवृत्त चीनी मिल कर्मियों का धरना 106वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारी नेता मुन्ना लाल ने कहा कि आंदोलन इतना लंबा हो जाने के बाद भी मिल प्रशासन और जिला प्रशासन की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ा है। दशहरा, रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार धरनास्थल पर ही मनाने पड़े हैं और अब दीपावली की भी यही स्थिति बनी है। इससे आंदोलनकारियों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि अब आंदोलन और तेज किया जाएगा। क्रमिक अनशन पर चंद्रपाल शर्मा व बुधराम बैठे। इस मौके पर शिव प्रसाद सिंह, अनोखेलाल, सुरेश चंद्र शर्मा, ब्रजबिहारी लाल, विलास देवी शाक्य, रामपाल सिंह पटेल, रामनिवास सिंह, विश्वनाथ शर्मा, रोशनलाल, रमाकांत भगत, लालमन, सुधा देवी, जगदीश सरन, रामकिशोरी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी