पुलिस के लिए चुनौती बने पशु तस्कर

By Edited By: Publish:Mon, 29 Sep 2014 12:14 AM (IST) Updated:Mon, 29 Sep 2014 12:14 AM (IST)
पुलिस के लिए चुनौती बने पशु तस्कर

बदायूं, सहसवान : क्षेत्र में सक्रिय पशु तस्कर जिले भर की कानून व्यवस्था को चुनौती बनते जा रहे हैं। ताबड़तोड़ हो रही पशु चोरी, लूट और प्रतिबंधित पशु वध की घटनाओं से लोगों में आक्रोश है। इसके बावजूद पुलिस किसी भी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। वहीं आक्रोशित लोगों ने गांव मिर्जापुर के पास सहसवान-इस्लामनगर मार्ग पर जाम लगा दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीणों ने रोड खोला।

शुक्रवार रात मांस तस्करों ने गांव शादीपुर और पटपरागंज के पास जरीफनगर-उघैती थाना क्षेत्र की सीमा पर दो दर्जन के करीब प्रतिबंधित पशुओं का वध कर डाला। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया था। लेकिन पुलिस पशु तस्करों तक नहीं पहुंच पाई। इससे बेखौफ पशु तस्करों ने 24 घंटे के भीतर ही इससे भी बड़ी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे डाला। नाधा पुलिस चौकी से मात्र दो तीन किमी दूर मिर्जापुर में सड़क किनारे ग्रामीण श्योदान के की भैंसे खोलकर ले जाने लगे। विरोध करने पर गोली और फिर लाठी मारकर घायल कर दिया। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि यदि पशु तस्करों का दु:साहस यूं ही जारी रहा तो कानून व्यवस्था कैसे संभलेगी?

जल्लूपुर में भी बाप-बेटों को बंधक बनाकर पशु खोले

सहसवान : तस्करों ने शनिवार रात ही जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर जल्लूपुर में पशुशाला के बाहर सो रहे ग्रामीण सिद्दार और उसके तीन पुत्रों को सोते में ही असलहों के बल पर बंधक बना लिया और पशुशाला में बंधी चार भैंसे खोलकर ले जाने लगे। एक महिला ने यह देखा तो शोर मचाया। शोर पर एकत्र ग्रामीणों ने पीछा किया तो तस्कर पशु छोड़कर फरार हो गए।

तस्करी न रुकी तो होगा आंदोलन

सहसवान : नौजवान एकता मंच के जिलाध्यक्ष मयंक देव दीक्षित ने कहा कि पशु तस्करी न रुकी तो वह आंदोलन करेंगे। अध्यक्ष रिंकू भारद्वाज, मुनेंद्र पाल, लोकेश पाल, संजीव भारद्वाज्र अवनीश पाल ने भी पशु तस्करी पर रोष जताया है।

chat bot
आपका साथी