छठ पर्व पर नदी व पोखरे में पांच युवक डूबे

आस्था का पर्व छठ पर रविवार की सुबह जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नदी व पोखरे पांच युवक डूब गए। जिनमें से चार युवकों के शवों को बरामद कर लिया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 03 Nov 2019 05:11 PM (IST) Updated:Sun, 03 Nov 2019 05:11 PM (IST)
छठ पर्व पर नदी व पोखरे में पांच युवक डूबे
छठ पर्व पर नदी व पोखरे में पांच युवक डूबे

जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : आस्था के पर्व छठ पर रविवार की सुबह जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नदी व पोखरों में पांच युवक डूब गए, जिनमें से चार युवकों के शवों को बरामद कर लिया गया है, जबकि एक युवक की तलाश की जा रही है।

शहर कोतवाली क्षेत्र के गौरी शंकर घाट पर रविवार की सुबह दोस्तों के साथ छठ पूजा देखने के लिए 19 वर्षीय गिरीश उर्फ प्रिस गुप्त पुत्र धनंजय गुप्त नाव पर सवार हुआ। हथिया के समीप पहुंचते ही नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। नाव पर सवार सात लोग तमसा नदी में डूबने लगे। उन्हें नदी में डूबता देख गोताखोरों ने छह युवकों को बचा लिया जबकि गिरीश नदी में डूब गया। दोपहर बाद एनडीआरएफ की टीम ने गिरीश का शव बरामद किया। वह तरवां क्षेत्र के जीयापुर बोंगरिया गांव का निवासी था। अपने चाचा के साथ शहर के मुकेरीगंज मोहल्ला में किराए का मकान लेकर रहता था। दूसरी घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के पगरा गांव के समीप हुई। बहन के घर छठ पूजा पर आए 22 वर्षीय रवि पुत्र स्व. राजपत भी तमसा नदी में डूब गया। उसका शव गोताखोरों ने कुछ देर बाद बरामद कर लिया। वह मूल रूप से जहानागंज क्षेत्र के धरवारा गांव का निवासी था। तीसरी घटना जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बेरमा गांव में तमसा नदी में ढोलीपुर गांव निवासी 19 वर्षीय विशाल पुत्र नन्दलाल प्रजापति डूब गया। उसकी तलाश करने में एनडीआरएफ की टीम लगी हुई थी। वह मां के साथ छठ पूजा करने के लिए आया था। चौथी घटना जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर जलालुद्दीन पट्टी गांव में छठ पूजा देखने के लिए बहन के ससुराल आए भाई पोखरे में डूब गया। पोखरे में डूबा युवक 22 वर्षीय प्रदीप पुत्र रामचंदर ग्राम झूंसी सियरहा थाना बिलरियागंज का निवासी था। उसका शव पांच घंटे बाद बरामद कर लिया गया। पांचवी घटना देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में हुई। छठ पूजा के बाद सलेमपुर गांव स्थित पोखरे में स्नान करते समय 20 वर्षीय विपुल यादव पुत्र राम भरोस यादव की मौत हो गई। उसके शव को गोताखोरों ने बरामद कर लिया।

chat bot
आपका साथी