राजनीति में खलेगी डॉ. महेश की कमी : मुलायम

By Edited By: Publish:Sat, 21 Apr 2012 06:54 PM (IST) Updated:Sat, 21 Apr 2012 06:54 PM (IST)
राजनीति में खलेगी डॉ. महेश की कमी : मुलायम

बिधूना (औरैया) : अपने पुराने साथी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धनीराम वर्मा के घर उनके पुत्र पूर्व विधायक डा. महेश वर्मा के असामयिक निधन पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के साथ शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव भावुक हो उठे। सपा मुखिया ने महेश को आदर्श पुत्र बताते हुए कहा कि राजनीति और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी कमी हमेशा खलेगी। उन्होंने कहा कि वे तथा समाजवादी पार्टी वर्मा परिवार के हर सुख दुख में शामिल है।

शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, परिवार कल्याण मंत्री अहमद हसन के साथ हेलीकॉप्टर से पुरवा सुजान पहुंचे और धनीराम वर्मा के घर पहुंचकर डा. महेश वर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ परिजनों के बीच बैठकर उन्हें ढांढस बंधाया। परिवार कल्याण मंत्री अहमद हसन ने कहा कि डा. वर्मा के परिवार के प्रति स्नेह, प्यार, सहयोग बनाये रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री यहां करीब 35 मिनट तक रुके और फिर आवास के पास ही स्थित डा. राम मनोहर लोहिया महाविद्यालय स्थित हेलीपैड पहुंचकर 11.45 बजे लखनऊ रवाना हुए। विधायक विजय बहादुर पाल, सपा जिलाध्यक्ष रामबाबू यादव, विधायक प्रमोद गुप्त एलएस, पूर्व विधायक डा. कमलेश पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, राजेश सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष इरशाद, जिला पंचायत सदस्य रचना सिंह सेंगर, राजवीर सिंह यादव मौजूद थे।

बेला प्रतिनिधि के अनुसार-कैबिनेट मंत्री शिव कुमार बेरिया व कमिश्नर मुकुल सिंघल, आईजी पीयूष आनंद, जिलाधिकारी जीएस नवीन कुमार ने भी पुरवा सुजान पहुंचकर डा. महेश वर्मा के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उधर परिजन पूर्व विधायक की अस्थियां विसर्जन के लिए कन्नौज ले गये।

गुरुवार शाम पूर्व विधायक डा. महेश वर्मा का हृदय गति रुकने से कानपुर में निधन हो गया था। शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में पैतृक गांव पुरवा सुजान में उनकी अन्त्येष्टि हुई थी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी