एक साथ दो बहनों की थी शादी, कार नहीं मिली तो एक की लौटी बरात Amroha News

डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दो बहनों की बरात आई। इनमें से बड़ी बहन तो दुल्हन बनकर ससुराल चली गई लेकिन छोटी की बरात बगैर निकाह के वापस लौट गई।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Mon, 02 Mar 2020 09:30 AM (IST) Updated:Mon, 02 Mar 2020 09:30 AM (IST)
एक साथ दो बहनों की थी शादी, कार नहीं मिली तो एक की लौटी बरात  Amroha News
एक साथ दो बहनों की थी शादी, कार नहीं मिली तो एक की लौटी बरात Amroha News

अमरोहा, जेएनएन। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दो बहनों की बरात आई। इनमें से बड़ी बहन तो दुल्हन बनकर ससुराल चली गई लेकिन, छोटी की बरात बगैर निकाह के वापस लौट गई। वर पक्ष के दहेज में कार मांगने पर मामला बिगड़ गया। अब दोनों पक्षों के बीच पंचायतों का दौर चल रहा है, मगर मसला अभी तक नहीं सुलटा है।

यह घटनाक्रम शनिवार का है। क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी दो बेटियों की शादी क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में तय की थी। हैसियत के मुताबिक बाइक समेत अन्य सामान भी दिया। दोनों बेटियों की शादी के लिए एक ही तिथि तय की। 29 फरवरी को दोनों बेटियों की बरात गांव में आई। यहां पर लड़की पक्ष के लोग बरातियों की खिदमत में लगे थे। सबकुछ ठीक चल रहा था। दोनों बहनों के निकाह पढ़ाने की प्रक्रिया चल ही रही थी कि छोटी बेटी के ससुरालियों ने दहेज में कार की मांग रख दी। सुनते ही वधू पक्ष के लोगों के होश उड़ गए। हर कोई मसले को सुलझाने में जुट गया लेकिन दूल्हा बिल्कुल राजी नहीं हुआ।

बड़ी बेटी को निकाह पढ़ाने के बाद पिता ने विदा कर दिया लेकिन, शाम तक हर कोई छोटी के निकाह पढ़ाने का इंतजार करता रहा। दूल्हा अपनी जिद पर अड़ गया। शाम को बिना निकाह बरात लौट गई जिसने भी इस बात को सुना बस, दंग रह गया। रविवार को दोनों पक्षों के रिश्तेदार, बिरादरी के गणमान्य लोग सुलह-समझौते में जुट गए। कई बार पंचायतों का दौर चला किन्तु शाम तक कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका। अभी भी लोग दूल्हा पक्ष को मनाने के प्रयास में जुटे हैं। पुलिस को मामले से अवगत नहीं कराया गया है। न ही तहरीर दी गई है।

अभी तक ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है अगर कोई तहरीर मिलती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। यह गंभीर मामला है।

शरद मलिक, इंस्पेक्टर, डिडौली कोतवाली। 

chat bot
आपका साथी