प्लास्टिक बिक्री पर प्रतिबंध को व्यापारियों ने सराहा

तीन जुलाई तक चलेगा दुकानों पर छापेमारी अभियान

By JagranEdited By: Publish:Sat, 02 Jul 2022 12:43 AM (IST) Updated:Sat, 02 Jul 2022 12:43 AM (IST)
प्लास्टिक बिक्री पर प्रतिबंध को व्यापारियों ने सराहा
प्लास्टिक बिक्री पर प्रतिबंध को व्यापारियों ने सराहा

गौरीगंज(अमेठी) : सिगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध भले ही शुक्रवार को लगाया गया हो, पर जिले में नगर निकायों के अधिकारी और कर्मचारी पालीथिन की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए तीन दिन से छापेमारी कर रहे हैं। अब तक 279 किलो पालीथिन जब्त कर 139 दुकानदारों से 20 हजार आठ सौ रुपये अर्थदंड वसूल किया गया है। उधर, प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाए जाने को लेकर व्यापारियों ने सरकार की सराहना की है। व्यापारियों ने मिली जुली प्रतिक्रियाएं व्यक्त की है।

नगर पालिका गौरीगंज, जायस और नगर पंचायत अमेठी व मुसाफिरखाना में शुक्रवार को पालीथिन की बिक्री पर अंकुश लगाने के मकसद से चेकिग अभियान चलाया गया, जहां सौ से अधिक दुकानदारों की जांच कर 78 किलो पालीथिन जब्त की गई।

-व्यापारियों ने कहा सराहनीय है सरकार का कदम

पुस्तक विक्रेता अवनीश पांडेय ने कहा कि पालीथिन बनाने वाली कंपनी को ही बंद करा देना चाहिए। तब पालीथिन की बिक्री पर पूरी तरह से अंकुश लगेगा। नहीं तो दुकानदार चोरी छिपे पालीथिन की खरीद और बिक्री करते रहेंगे।

-किराना व्यवसायी राम रतन जायसवाल प्लास्टिक के प्रतिबंध लगाने पर सरकार के पहल की सराहना की है। कहा कि सिगल यूज पालीथिन में सामान ले जाकर लोग इधर उधर फेंक देते हैं। खेतों में पालीथिन फेंके जाने से किसानों को खेती किसानी में परेशानी होती है।

-फल विक्रेता कृष्ण चंद्र अग्रहरि ने पालीथिन की बिक्री के प्रतिबंध का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि वे काफी दिनों से पालीथिन का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। वे फल बेंचते हैं, ग्राहक उनके यहां झोले में फल लेकर जाते हैं।

-मिठाई विक्रेता दिनेश गुप्ता ने कहाकि यह सरकार की अच्छी पहल है। पालीथिन का प्रयोग दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। इससे पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। साथ ही जगह-जगह पड़ी पालीथिन को बेसहारा मवेशी निगल लेते हैं और बीमार पड़ जाते हैं।

-एडीएम राजकुमार द्विवेदी न्यायिक कहा कि जिले को प्लास्टिक विहीन बनाने के लिए अभियान चलाया गया है। अब तक 139 दुकानदारों से 20 हजार आठ सौ रुपये अर्थदंड वसूला गया है। पालीथिन की बिक्री पर रोक लगाने के लिए तीन जुलाई तक अभियान चलेगा।

chat bot
आपका साथी