ठंड ने कंपाया, बारिश बनी किसानों के लिए आफत

आलू सरसों व मटर की फसल को हो रहा नुकसान।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 Jan 2022 09:00 PM (IST) Updated:Sun, 09 Jan 2022 09:00 PM (IST)
ठंड ने कंपाया, बारिश बनी किसानों के लिए आफत
ठंड ने कंपाया, बारिश बनी किसानों के लिए आफत

जागरण टीम, अमेठी : लगातार पड़ रही ठंड व बरसात के चलते जन जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले चार दिनों से हो रही बूंदाबांदी व बरसात लोग कांप रहे हैं। बाजार में सन्नाटा पसरा है। वहीं बरसात किसानों के लिए आफत बन गई है। बरसात के चलते किसानों की सरसों, आलू व मटर की फसल को काफी नुकसान हुआ है।

रविवार की सुबह आसमान में बादल छाए रहे। सुबह दस बजे के करीब सूर्य व बादलों के बीच आंख मिचौली का खेल शुरू हो गया। सुबह सूर्य देव दर्शन जरूर हुए लेकिन थोड़ी ही देर में बादलों ने चारों तरफ से घेर लिया और एक बजे के करीब पुन: बूंदाबांदी शुरू हो गई। पिछले चार दिनों से रुक-रुककर हो रही बरसात ने शहर व गांव की सूरत बदलकर रख दी है। गौरीगंज शहर की सब्जी मंडी, मुसाफिरखाना रोड, रायबरेली-सुलतानपुर राजमार्ग, सैंठा रोड के साथ गांव की सड़कें भी पूरी तरह से कीचड़ से सनी रही। जिसके चलते लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भीषण ठंड में लोग अलाव के सहारे ही दिन काटते दिखे।

-नहीं जले प्रशासन के अलाव

गौरीगंज जिला मुख्यालय के साथ ही आस-पास के क्षेत्रों में कहीं भी प्रशासन का अलाव जलता दिखाई नहीं दिया। इसके साथ ही अमेठी, मुसाफिरखाना, तिलोई, जगदीशपुर की भी स्थित यही रही।

-बरसात से फसलों को हुआ नुकसान

किसानों के लिए बारिश की बूंदें आफत बनकर टूटी हैं। लगातार हो रही बरसात से आलू, मटर व सरसों की फसल को काफी नुकसान हुआ है। बरसात के चलते फसलें गिर गई हैं। जिसके चलते उनकी पैदावार पर भी असर पड़ेगा।

फुरसतगंज के ग्राम सभा ब्रम्हनी निवासी पुष्पेंद्र कुमार के घर के बाहर पशुओं के रहने के लिए बनी पक्की चरही बरसात के चलते भरभराकर गिर गई। जिसके चलते उसके नीचे बंधी भैंस की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची हल्का लेखपाल विनीता गुप्ता ने हुए नुकसान का जायजा लिया।

-जल भराव से परेशान यात्री

जगदीशपुर के निहालगढ़ रेलवे स्टेशन परिसर के मुख्य द्वार पर जल भराव हो गया है। जिसके चलते यात्रियों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अयोध्या- प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग रामगंज बाजार में जगह- जगह टूट गई है। पानी रुक रहा है।

- सब्जी की फसल को भी हुआ नुकसान

बरसात के चलते किसानों की टमाटर, गोभी, पालक, मिर्च आदि फसल भी बरसात की भेंट चढ़ गई हैं।

-बरसात ने बढाई सब्जियों के दाम

बरसात होने से सब्जियों के दाम भी आसमान छूने लगे हैं। जहां बरसात के पहले टमाटर तीस के बजाय 50 रुपये व मटर 30 की जगह 60 रुपये किलो बिक रहे हैं यही हाल अन्य सब्जियों के भी हैं।

-अभी बरसात रहेगी जारी

नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक की माने तो सोमावर को भी बरसात होने की पूरी संभावना है। जिले का अधिकतम तापमान 15 व न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

chat bot
आपका साथी