रिमझिम बरसात से बिगड़ा मौसम, हाड़ कंपाने लगी सर्दी

अंबेडकरनगर आधी रात से सुबह तक घना कोहरा और सुबह से रिमझिम बारिश ने मौसम

By JagranEdited By: Publish:Sat, 22 Jan 2022 11:40 PM (IST) Updated:Sat, 22 Jan 2022 11:40 PM (IST)
रिमझिम बरसात से बिगड़ा मौसम, हाड़ कंपाने लगी सर्दी
रिमझिम बरसात से बिगड़ा मौसम, हाड़ कंपाने लगी सर्दी

अंबेडकरनगर: आधी रात से सुबह तक घना कोहरा और सुबह से रिमझिम बारिश ने मौसम का मिजाज बिगाड़ दिया है। तापमान में गिरावट होने के साथ गलन हावी हुई है। हाड़ कंपाऊ सर्दी से जनजीवन के साथ जीव-जंतु बेहाल हैं। किसान अब उहापोह में हैं। बारिश से दलहन, तिलहन, सब्जी की फसलों को नुकसान होने का डर सताने लगा है। इसके अलावा कीचड़ की समस्या ने भी पांव पसारा है।

शनिवार सुबह बदली और दोपहर बाद बूंदाबांदी के बाद रिमझिम बारिश शुरू हो गई। पैदल एवं बाइक सवार लोग बीच सफर में फंस गए। कुछ भीगते हुए घर गए तो टैक्सी, बस व ट्रेन से उतरे यात्रियों को गंतव्य तक जाने में बारिश बाधक बनी। पशु-पक्षी खुद को बचाने के लिए सुरक्षित ठिकाना तलाशते और दुबके नजर आए। जरूरत के लिए निकले लोग काली घटा देख जल्दी घर लौट रहे हैं। दोपहर में शाम जैसा नजारा रहा। रिमझिम बारिश में भीगते लोग दिन में वाहनों की हेडलाइट जलाकर सफर करते दिखे। घर में अलाव दहकते और लोग बिस्तर में कैद हो चले हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव

तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। शनिवार को जिले का तापमान न्यूनतम सात डिग्री और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने आगामी सोमवार तक बारिश जारी रहने का संकेत दिया है। मंगलवार और बुधवार को बदली छाए रहने के साथ धूप भी खिलेगी। इसके बाद मौसम साफ होने व तापमान में तेजी से सुधार होने का अनुमान है। व्यापार को नुकसान

बारिश ने व्यापारियों की मंशा पर पानी फेरा है। घरों में कैद लोग बाजार तक नहीं पहुंच रहे हैं। गन्ने की पेराई व गुड़ बनाने का काम भी प्रभावित हुआ है। सबसे अधिक नुकसान ईंट भट्ठा संचालकों को हुआ है। कच्ची ईंटें भीगकर बर्बाद होने लगी हैं। बारिश में भीगी ईंट की कीमत में कमी आती है। इससे व्यापारी परेशान हैं। सेहत का रखिए ख्याल

कड़ाके की सर्दी का असर अस्पताल में दिखने लगा है। जुकाम, बुखार, खांसी, पेट दर्द, दस्त, उल्टी एवं त्वचा संबंधी रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण के बीच मौसमी बीमारियां लोगों को डराने लगी हैं। चिकित्सकों ने सर्दी से बचने व गुनगुना पानी पीने के लिए लोगों को सचेत किया है। बाहर निकलते समय शरीर को ढककर गर्म रखें। त्वचा पर तैलीय पदार्थ अवश्य लगाएं।

chat bot
आपका साथी