अश्लील वीडियो बनाकर महिला अधिकारी का आठ साल से यौन शोषण, प्रतापगढ़ पुलिस कर रही आरोपित युवक की तलाश

आठ साल पहले दिल्ली में बनाए गए अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते हुए एक युवक महिला अधिकारी से लगातार दुष्कर्म करता रहा। अब प्रतापगढ़ में तैनात इस महिला अधिकारी ने लालगंज कोतवाली में शाहजहांपुर के आरोपित युवक के खिलाफ केस लिखाया।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 07:21 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 07:21 PM (IST)
अश्लील वीडियो बनाकर महिला अधिकारी का आठ साल से यौन शोषण, प्रतापगढ़ पुलिस कर रही आरोपित युवक की तलाश
लालगंज पुलिस ने आरोपित गुरविंदर सिंह और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

प्रयागराज, जेएनएन। आठ साल पहले दिल्ली में बनाए गए अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते हुए एक युवक महिला प्रशासनिक अधिकारी से लगातार दुष्कर्म करता रहा। अब  प्रतापगढ़ में तैनात इस महिला अधिकारी  ने लालगंज कोतवाली में शाहजहांपुर के आरोपित युवक के खिलाफ केस लिखाया। पुलिस ने महिला अधिकारी का शुक्रवार दोपहर कोर्ट में बयान दर्ज कराया।

दिल्ली से बरेली तक करता रहा परेशान

फतेहपुर जिले की रहने वाली यह महिला प्रशासनिक अधिकारी प्रतापगढ़ में तैनात हैं। उनका कहना है कि वह वर्ष 2012 में दिल्ली में कोचिंग में पढ़ाई कर रही थीं। कोचिंग में अक्सर गुरविंदर सिंह निवासी बसंतापुर, तहसील पुवाया, जनपद शाहजहांपुर उन्हें छेड़ता था। उसकी इन हरकतों से उनकी तबीयत खराब रहने लगी। आराम करने के लिए वह जीटीबी नगर दिल्ली में दोस्त के घर रहने लगीं। मानसिक हालत ऐसी हो गई कि वह अचेत रहने लगीं। एक दिन गुरविंदर उनके कमरे में दाखिल हो गया और उनके साथ दुष्कर्म किया। उसने अपनी इस कारगुजारी की वीडियो बना ली। महिला अधिकारी का आरोप है कि घटना के 15 दिन बाद कोचिंग में गुरविंदर ने उस अश्लील वीडियो को दिखाया और फिर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। वर्ष 2012 से 2015 तक गुरविंदर ने कई बार मारा-पीटा और यौन शोषण किया। 2015 में बैंक में नौकरी लगने पर वह बरेली चली गईं। वहां भी गुरविंदर पहुंच गया। एक दिन मकान मालिक के नहीं रहने पर घर में घुस आया। कुर्सी से बांधकर उन्हें मारा-पीटा, धमकी देकर दुष्कर्म किया और उसका भी वीडियो बनाया।

प्रतापगढ़ भी आकर करने लगा शोषण

वर्ष 2017 में उन्होंने प्रतापगढ़ में प्रशासनिक अधिकारी  के पद पर कार्यभार ग्रहण किया तो गुरविंदर यहां भी आ गया। उनके आवास के बगल में किराए पर कमरा लेकर रहने लगा। यहां भी एक दिन घर में घुस गया। उन्हें मारा-पीटा। शारीरिक शोषण कर वीडियो बनाया। पिछले महीने 18 दिसंबर 2020 को वह दफ्तर में थी। गुरविंदर दो अज्ञात लोगों के साथ दफ्तर पहुंचा और उन्हें धमकी देने लगा। वह अपने ड्राइवर के साथ किसी तरह आवास पर गईं। वहां भी आकर गुरविंदर उनसे बदसलूकी करने लगा। ड्राइवर के हस्तक्षेप करने पर ही वह उनके आवास से गया। इस मामले में महिला अधिकारी की तहरीर पर लालगंज पुलिस ने दो जनवरी को आरोपित गुरविंदर सिंह और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इस बीच पीड़ित महिला अधिकारी  का शुक्रवार को पुलिस ने अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की कोर्ट में बयान दर्ज कराया। पुलिस अब आरोपित गुरविंदर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। एएसपी पश्चिमी दिनेश कुमार द्विवेदी का कहना है कि दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने पीड़ित महिला अधिकारी  का कोर्ट में बयान दर्ज कराया है। आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी