प्रतापगढ़ में घर में घुसकर पुलिस कर्मियों ने महिला को पीटा, वीडियो वायरल पर दारोगा लाइन हाजिर

उपनिरीक्षक वीरेंद्र तिवारी ने फातिमा से बातचीत के दौरान जमीन का कागज ले लिया। फातिमा उर्फ गुडडन ने कागज ले जाने से मना किया। इसी पर बात बिगड़ गई। उपनिरीक्षक ने गुड्डन को गाली देना शुरू किया। गुड्डन को महिला सिपाही डंडे से मारने लगी।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 19 Oct 2020 10:20 PM (IST) Updated:Mon, 19 Oct 2020 10:20 PM (IST)
प्रतापगढ़ में घर में घुसकर पुलिस कर्मियों ने महिला को पीटा, वीडियो वायरल पर दारोगा लाइन हाजिर
इस मामले की जांच एएसपी पूर्व को दी गई है।

प्रतापगढ़, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में रानीगंज थाना क्षेत्र के लिलहा भागीपुर में जमीन के विवाद में रविवार को घर में घुसकर महिला को पीटने के मामले में पुलिस फंसती नजर आ रही है। इसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस प्रशासन सख्त हुआ। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। इस प्रकरण की जांच एएसपी (पूर्वी ) को सौंप दी गई है। उनकी रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई होगी। एक दारोगा को इस मामले में लाइन हाजिर किया जा चुका है और कई अन्य पुलिसकर्मी पर गाज गिर सकती है।

यह था मामला

रानीगंज थाना क्षेत्र के भागीपुर गांव में हाइवे के किनारे जमीन को लेकर जमील अहमद उर्फ शेरु पुत्र शराफत व शकीलउद्दीन पुत्र नसीरुद्दीन से विवाद चल रहा है। शकील उद्दीन ने गब्बर से जमीन बैनामा लिया और दीवार बनाने लगे। इसी पर जमील अहमद से उनका विवाद हुआ और मामला न्यायालय पहुंच गया।

दोनों पक्षों में पंचायत के बाद भी नहीं बनी बात

दोनों पक्षों मे पंचायत भी हुई, मगर बात नहीं बनी। विवाद बढ़ता गया और शकीलउद्दीन ने रानीगंज थाना में शनिवार को तहरीर दी। उसकी शिकायत थी कि उसके बैनामा की जमीन पर विपक्ष के लोग दीवार नहीं बनाने दे रहे हैं। इसी विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को उपनिरीक्षक वीरेंद्र तिवारी भागीपुर गांव गए थे। उस समय जमील अहमद की बहन फातिमा उर्फ गुडडन घर पर थी। उपनिरीक्षक वीरेंद्र तिवारी ने फातिमा से बातचीत के दौरान जमीन का कागज ले लिया। फातिमा उर्फ गुडडन ने कागज ले जाने से मना किया। इसी पर बात बिगड़ गई। उपनिरीक्षक ने गुड्डन को गाली देना शुरू किया। गुड्डन को महिला सिपाही डंडे से मारने लगी। उसका बाल पकड़कर घसीट-घसीट कर मारा गया। गुडडन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं फातिमा उर्फ गुडडन के विपक्षी शकील उद्दीन ने फातिमा उर्फ गुडडन, उसके भाई जमील अहमद शेरु सद्दाम सहित तीन लोगों पर दीवार गिराने एवं मारपीट करने सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इस विवाद का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई।

मामले में एक दारोगा लाइन हाजिर

एसपी अनुराग आर्य ने रविवार  की रात ही महिला को पीटने के आरोपित दारोगा वीरेंद्र त्रिपाठी को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने बताया कि मौके पर महिला गुड्डन ने महिला सिपाही से मारपीट की। इस दौरान वहां रहे दारोगा की भूमिका सही नहीं मिली। उन्होंने हमलावर महिला के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज नहीं कराया।

मामले की जांच एएसपी पूर्वी को, 27 तक देनी है रिपोर्ट

इस मामले की पूरी जांच एएसपी (पूर्वी) सुरेंद्र द्विवेदी को दी गई है। उन्हें 27 अक्टूबर तक रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। उसी रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।  पुलिस की पिटाई से घायल फातिमा उर्फ गुडडन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं रानीगंज एसओ मनोज तिवारी के मुताबिक महिला सिपाही सीमा देवी से भीड़ गई थी और पीआरडी कमला के हाथ में दांत से काट लिया था। महिला फातिमा उर्फ गुडडन का मेडिकल कराया गया है, उसे महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान घायल हो गई महिला सिपाही सीमा देवी का भी इलाज चल रहा है, फिलहाल महिला सिपाही से मारपीट के मामले में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है।

गुड्डन ने अभी नहीं दी तहरीर, सीओ ने की जांच

वहीं अभी पुलिस की पिटाई से घायल महिला फातिमा उर्फ गुडडन की तरफ से रानीगंज थाने में कोई तहरीर नहीं पड़ी है। सीओ डा. अतुल अंजान त्रिपाठी का कहना है कि वह मौके पर गए थे। मामले की जांच की जा रही है। दीवार तोड़ने के मामले में तीन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी फातिमा उर्फ गुडडन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। उसके ठीक होने पर उसे पूछताछ की जाएगी।

chat bot
आपका साथी