Top Prayagraj News of the day, 31 December 2019 : प्रयागराज नगर निगम सीमा विस्तार पर यूपी कैबिनेट की लगी मुहर Prayagraj News

प्रयागराज नगर निगम सीमा का विस्तार हो गया। प्रतापगढ़ में सपा के जिला सचिव को फिर गोली मारने की धमकी मिली है। यमुना नदी में फेंकी गई युवती की पहचान तीन दिन बाद भी नहीं हो सकी।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 31 Dec 2019 07:58 PM (IST) Updated:Tue, 31 Dec 2019 07:58 PM (IST)
Top Prayagraj News of the day, 31 December 2019 : प्रयागराज नगर निगम सीमा विस्तार पर यूपी कैबिनेट की लगी मुहर Prayagraj News
Top Prayagraj News of the day, 31 December 2019 : प्रयागराज नगर निगम सीमा विस्तार पर यूपी कैबिनेट की लगी मुहर Prayagraj News

प्रयागराज, जेएनएन। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार प्रयागराज नगर निगम सीमा का विस्तार हो गया। मंगलवार को यूपी कैबिनेट की बैठक में सीमा विस्तार के प्रस्ताव पर मुहर लग गई। अब नगर निगम की सीमा में 207 गांव और झूंसी नगर पंचायत को भी जोड़ा जाएगा। वहीं, पडोसी जनपद प्रतापगढ़ में सपा के जिला सचिव को फिर गोली मारने की धमकी मिली है। उन्हें दस दिन से फोन करके धमकी दी जा रही है। जबकि, गला घोंटकर हत्या के बाद माघ मेला इलाके में यमुना नदी में फेंकी गई युवती की पहचान तीन दिन बाद भी नहीं हो सकी है। कोई परिवार न तो पुलिस के पास पहुंचा और न ही पोस्टमार्टम हाउस।

प्रयागराज नगर निगम सीमा विस्तार पर यूपी कैबिनेट की लगी मुहर

 लंबे इंतजार के बाद आखिरकार प्रयागराज नगर निगम सीमा का विस्तार हो गया। मंगलवार को यूपी कैबिनेट की बैठक में सीमा विस्तार के प्रस्ताव पर मुहर लग गई। अब नगर निगम की सीमा में 207 गांव और झूंसी नगर पंचायत को भी जोड़ा जाएगा। अभी 80 वार्ड हैं। सीमा विस्तार के बाद वार्डोंं की संख्या बढ़कर 100 हो जाएगी। पांच साल तक अविकसित नए वार्ड में टैक्स नहीं लगेगा। नगर निगम के सीमा विस्तार पर यूपी कैबिनेट की 31 दिसंबर मंगलवार को होने वाली बैठक में अंतिम मुहर लगने की उम्मीद थी। सीमा विस्तार होने पर अविकसित वार्डों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसके लिए कर्मचारियों और अधिकारियों की नई भर्ती भी करनी होगी। वर्तमान में 80 वार्ड हैं जो सीमा विस्तार के बाद 100 हो जाएंगे। साफ-सफाई की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पाइप लाइन व सीवर लाइन प्रमुख चुनौतियों में शामिल हैं।

 सपा के जिला सचिव को फिर दी गोली मारने की धमकी

पडोसी जनपद प्रतापगढ़ में सपा के जिला सचिव को फिर गोली मारने की धमकी मिली है। उन्हें दस दिन से फोन करके धमकी दी जा रही है। पल्टन बाजार निवासी सपा के जिला सचिव वासिक खान को दस दिन पहले फोन करके पूरे परिवार सहित गोली  मारने की धमकी दी गई थी। इंटरनेट कॉल करके अनजान व्यक्ति ने भाजपा के खिलाफ धरना प्रदर्शन न करने की चेतावनी दी थी। सपा नेताओं ने 26 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के खिलाफ जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया था। इसी के बाद वासिक खान और जिला उपाध्यक्ष इरशाद सिद्दीकी को फोन करके धमकी दी गई थी। दोनों नेताओं ने इसकी शिकायत सीओ सिटी से करते हुए धमकी की वॉयस रिकार्डिंग भी सौंपी थी।  इस बीच वासिक खान को सोमवार शाम अनजान व्यक्ति ने फोन करके गोली से उड़वा देने की धमकी दी। फोन करने वाले ने कहा कि भाजपा के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने से रोका था, लेकिन बात समझ में नहीं आ रही है। अगर भाजपा के खिलाफ धरना प्रदर्शन बंद नहीं किया तो उन्हें और पूरे परिवार को गोली मारकर फेंकवा देंगे।

दुष्कर्म व हत्या कर यमुना में फेंकी गई युवती की नहीं हो सकी पहचान

गला घोंटकर हत्या के बाद माघ मेला इलाके में यमुना नदी में फेंकी गई युवती की पहचान तीन दिन बाद भी नहीं हो सकी है। कोई परिवार न तो पुलिस के पास पहुंचा और न ही पोस्टमार्टम हाउस। पुलिस शिनाख्त के लिए प्रयास कर रही है। माघ मेला क्षेत्र में शनिवार सुबह एक नाविक ने हड्डी घाट से कुछ दूर उतराती लाश देखी थी तो पुलिस को सूचना दी। दारागंज पुलिस ने शव बाहर निकाला तो पता चला कि करीब 18 साल की युवती थी। उसके गले पर दबाव का निशान था। युवती ने लैगी, कुर्ती, स्वेटर और हरे मोतियों की माला पहनी थी। शव रखा गया है। पुलिस ने जनपद के सभी थानों के अलावा पड़ोसी जिलों की पुलिस को सूचना दी है लेकिन अब तक किसी ने संपर्क नहीं किया है। पुलिस ने बताया कि हो सकता है संकोच और बदनामी के चलते शिकायत नहीं की हो।

chat bot
आपका साथी