Coronavirus News : आठवीं के छात्र की अनूठी रचनात्‍मकता, वर्णमाला की जुबानी कर रहा संक्रमण से सचेत

कक्षा आठ के विद्यार्थी वैभव तिवारी ने इन बच्चों से आगे बढ़कर वर्णमाला के प्रत्येक अक्षर से एक-एक वाक्य बना डाले। ये वाक्य कोरोना के बचाव लक्षण व लोगों को जागरूक करने वाले थे। छात्र वैभव ने बताया कि शुरू में कठिन लगा लेकिन बाद में पूरा चार्ट बनाया।

By Rajneesh MishraEdited By: Publish:Sat, 28 Nov 2020 06:00 AM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2020 06:00 AM (IST)
Coronavirus News : आठवीं के छात्र की अनूठी रचनात्‍मकता, वर्णमाला की जुबानी कर रहा संक्रमण से सचेत
छात्र वैभव ने बताया कि शुरू में यह काम कठिन लगा लेकिन बाद में अच्छा लगा और पूरा चार्ट बनाया।

प्रयागराज, [अमलेंदु त्रिपाठी]। पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवी बांध में कक्षा आठ के एक विद्यार्थी ने अनूठी रचनात्मकता का परिचय दिया है। समूची वर्णमाला के एक-एक अक्षर को लेकर एक-एक वाक्य बनाया है। इसमें कोरोना से बचाव, जागरूकता, बीमारी के कारण, लक्षण जैसे बिंदुओं की जानकारी देने वाला चार्ट बनाया है, ताकि लोग जागरूक हो सकें।

पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवी बांध के इंचार्ज प्रधानाध्यापक अग्नि प्रकाश शर्मा ने बताया कि इन दिनों बच्चों की ऑनलाइन कक्षाएं वाट्सएप ग्रुप के जरिए चल रही हैं। पाठ्य पुस्तक के अतिरिक्त छात्र-छात्राओं के सामान्य ज्ञान को बढ़ाने व उनकी सृजनशीलता को जगाने का भी प्रयास हो रहा है। बच्चों की तार्किक शक्ति मजबूत करने के लिए कुछ अक्षर दिए गए और उनसे एक वाक्य बनाने के लिए कहा गया। बच्चों ने अपने-अपने ढंग से प्रयास किया। कक्षा आठ के विद्यार्थी वैभव तिवारी ने इन बच्चों से आगे बढ़कर वर्णमाला के प्रत्येक अक्षर से एक-एक वाक्य बना डाले। ये वाक्य कोरोना के बचाव, लक्षण व लोगों को जागरूक करने वाले थे। इस चार्ट को लेकर छात्र वैभव ने बताया कि शुरू में यह काम कठिन लग रहा था लेकिन बाद में अच्छा लगने लगा और पूरा चार्ट बनाया।

वर्णमाला के जरिए कोरोना का संदेश

अ से अपना ख्याल रखें। आ से आप घर पर रहें। इ से इधर उधर बेवजह न घूमें। ई से ईश्वर पर भरोसा रखें। उ से उम्मीद पर दुनिया कायम है। ऊ से ऊटपटांग कामों से बचें। ऋ से ऋणात्मक न सोचें। ए से एकांत का आनंद लें। ऐ से ऐसा करो घर में रहो। ओ से ओझा से बचे। औ से औषधि समय से लें। अं से अंत भला ही होगा। अ: से अह: से बचें। क से कोरोना से न घबराएं। ख से खबरदार बने रहें। ग से गमगीन माहौल से बचें। घ से घर को स्वच्छ रखें। च से चतुराई से काम करो। छ से छल कपट से बचें। ज से जल साबुन से हाथ धोते रहें। झ से झगड़ा न करें। ञ से ञाम- प्रणाम करें। ट से टहलें सिर्फ अपनी छत पर। ठ से ठहरें सिर्फ अपने घर। ड से डर के आगे जीत है। ढ से ढकोसलों से बचो। ण से णमोंकार मंत्र का जाप करें। त से तैयार रहें न डरें। थ से थूके न सड़कों पर। द से दयालुता अपनाएं। ध से धैर्य बनाए रखें। न से नशीले पदार्थों से बचें। प से पड़ोसियों का ध्यान रखें। फ से फर्जी जानकारी न फैलाएं। ब से बुजुर्गों का ध्यान रखें। भ से भोजन समय पर करें। म से मास्क का प्रयोग करें। य से योग करें। र से रवि की किरणें जरूर लें। ल से लचीलापन अपनाएं। व से वार्तालाप दूर से करें। श से शराब से दूर रहें। ष से षडयंत्र न करें। स से सकारात्मक सोच रखें। ह से हल तलाशे न कि समस्या। क्ष से क्षेत्र के दायरे में रहें। त्र से त्रि रत्न सहायोग, डॉक्टर, सफाईकर्मी, पुलिस। ज्ञ से ज्ञानी बनें अज्ञानता से बचें।

chat bot
आपका साथी