Love Affair: प्रयागराज में चार बच्चों की मां ने की आत्महत्या, कम उम्र प्रेमी के साथ निगला जहर

घूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार दोपहर महिला ने प्रेमी के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। महिला की मौत हो गई जबकि प्रेमी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतका चार बच्चों की मां थी।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 11:47 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 11:46 AM (IST)
Love Affair: प्रयागराज में चार बच्चों की मां ने की आत्महत्या, कम उम्र प्रेमी के साथ निगला जहर
रविवार दोपहर महिला ने प्रेमी के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। महिला की मौत हो गई

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। जनपद के यमुनापार में घूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार दोपहर महिला ने प्रेमी के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। महिला की मौत हो गई, जबकि प्रेमी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतका चार बच्चों की मां थी। मामले को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।

अपने से कम उम्र के लड़के से हो गया था इश्क

महिला का अपने पड़ोस के रहने वाले 20 वर्षीय युवक से करीब पांच माह पहले प्रेम संबंध हो गया। दोनों की फोन पर बातचीत भी होने लगी। युवक उसके घर भी आने-जाने लगा। महिला के चार बच्चे थे, इसलिए कभी किसी को उस पर संदेह भी नहीं हुआ। शनिवार शाम महिला का पति काम से लौटा तो दोनों को घर में एक साथ देख लिया। युवक तो वहां से चला गया, जबकि पत्नी को उसने जमकर खरीखोटी सुनाई। रात को दोनों के बीच विवाद भी हुआ। रविवार को दिन में महिला का पति कहीं गया तो दोपहर में युवक उसके घर में पहुंच गया। दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया।

पति घर लौटा तो मंजर देख चीखने लगा

कुछ देर बाद महिला का पति घर लौटा तो दोनों जमीन पर अचेत पड़े थे। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। वह चिल्लाने लगा तो आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। युवक को उसके स्वजन अस्पताल ले गए। उधर, पत्नी को ट्राली पर लादकर पति करमा चौकी के पास स्थित अस्पताल ले गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी घूरपुर राकेश राय ने बताया कि महिला और युवक के बीच पांच माह से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी दोनों के घरवालों को नहीं थी। शनिवार शाम महिला के पति ने दोनों को एकसाथ देखा तब जाकर दोनों के बीच प्रेम संबंध का पता चला। उसने पत्नी को फटकारा था। संभवत: इसी कारण महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल में भर्ती युवक की हालत में सुधार होने पर उससे भी पूछताछ की जाएगी, तब पूरा मामला स्पष्ट होगा।

chat bot
आपका साथी