Indian Railway: 11 महीने बाद प्रयागराज से मऊ रवाना हुई अनारक्षित विशेष रेलगाड़ी, लोगों में खुशी

Indian Railway 11 माह बाद अनारक्षित टिकट पर सफर की अनुमति मिलने पर दैनिक यात्रियों ने राहत की सांस ली। हंडिया के राहुल यादव प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। प्रयागराज में रहकर कोचिंग कर रहे हैं। घर जाने को निजी साधन महंगा पड़ रहा था।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 07:50 PM (IST) Updated:Mon, 08 Mar 2021 07:52 PM (IST)
Indian Railway: 11 महीने बाद प्रयागराज से मऊ रवाना हुई अनारक्षित विशेष रेलगाड़ी, लोगों में खुशी
विशेष रेलगाड़ी का आज से संचालन शुरू होने से प्रयागराज से मऊ की ओर जाने वाले रेल यात्री खुश हैं।

प्रयागराज, जेएनएन। 11 माह के लंबे अंतराल के बाद प्रयागराज के रेल यात्रियों को राहत मिली। प्रयागराज रामबाग-मऊ वाया मंडुवाडीह अनारक्षित विशेष गाड़ी सोमवार को रवाना हुई। यह गाड़ी प्रयागराज रामबाग से रविवार के अलावा सप्ताह में छह दिन चलाई जाएगी। पहले दिन इसमें यात्रा करने के लिए महज 28 लोगों ने अनारक्षित टिकट खरीदा। हालांकि इसका किराया एक्‍सप्रेस ट्रेन का रहा। इस ट्रेन में मेमू के आठ कोच लगाए गए। 

रविवार को छोड़ सप्‍ताह में रोज चलेगी अनारक्षित ट्रेन

05138 रामबाग-मऊ अनारक्षित एक्सप्रेस सोमवार को सुबह 06:10 बजे रवाना हुई। दारागंज से 6:22 बजे, झूंसी से 6:32 बजे, सैदाबाद से 6:55 बजे, हंडिया खास से 7:11 बजे, जंगीगंज से 7:32 बजे से होते हुए वाराणसी से 9:40 बजे और मऊ दोपहर 12 बजे पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है। वापसी में 05137 मऊ-प्रयागराज रामबाग अनारक्षित एक्सप्रेस विशेष गाड़ी शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन मऊ से दोपहर 2:45 बजे प्रस्थान करेगी। जबकि वाराणसी से शाम 5:15 बजे, मंडुवाडीह से 5:30 बजे चलकर प्रयागराज रामबाग रात 8:45 बजे आएगी। इस गाड़ी में एक्सप्रेस किराया लिया जा रहा है।  

दैनिक यात्रियों को सहूलियत

11 माह बाद अनारक्षित टिकट पर सफर की अनुमति मिलने पर दैनिक यात्रियों ने राहत की सांस ली। हंडिया के राहुल यादव के मुताबिक, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। प्रयागराज शहर में कोचिंग कर रहे हैं। ऐसे में घर जाने के लिए निजी साधन महंगा पड़ रहा था। अब ट्रेन चलने से सहूलियत मिली। जंगीगंज के रहने वाले रामचंद्र हाईकोर्ट के अधिवक्ता हैं। उनका कहना है कि घर जाने के लिए अब यह ट्रेन चलने से राहत मिली।

chat bot
आपका साथी