Covid-19 संक्रमण प्रयागराज में काफी कम, सभी कंटेनमेंट जोन भी खत्‍म होने से लोगों को राहत

प्रयागराज में कोरोना वायरस का संक्रमण कम हुआ है। एडीएम सिटी अशोक कनौजिया ने बताया कि पिछले हफ्ते अधिकतर कंटेनमेंट जोन खत्म कर दिए गए थे। आठ कंटेनमेंट जोन धूमनगंज करेली जार्जटाउन और खुल्दाबाद में बचे थे। उसे भी अब खत्म करते हुए बैरीकेडिंग हटा ली गई है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 06 Jun 2021 04:56 PM (IST) Updated:Sun, 06 Jun 2021 04:56 PM (IST)
Covid-19  संक्रमण प्रयागराज में काफी कम, सभी कंटेनमेंट जोन भी खत्‍म होने से लोगों को राहत
कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करते रहने से स्थितियां और भी सुधर सकती हैं।

प्रयागराज, जेएनएन। फिलहाल प्रयागराज के लोगों के लिए यह राहत की बात है। जनपद में कोरोना संक्रमण का फैलाव काफी कम हो गया है। इससे जहां लोग अब सुकून की सांस ले पा रहे हैं, वहीं थमे शहर में रौनक भी बढ़ने लगी है। अच्‍छी बात यह भी है कि दो दिन में संक्रमण से जनपद में किसी की मौत भी नहीं हुई है। नए संक्रमितों की संख्‍या भी कम ही है। वहीं सभी कंटेनमेंट जोन को भी खत्‍म कर दिया गया है।

कोविड-19 प्रोटोकाल के पालन से और सुधरेगी स्थिति

कोविड-19 के नोडल की तरफ से जारी रिपोर्ट के अनुसार 48 लोगों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया। इसमें दो को कोविड अस्पतालों से और 46 को होम आइसोलेशन से छुट्टी दी गई। उधर लेवल थ्री कोविड अस्पताल में अब केवल 20 संक्रमित भर्ती रह गए हैं। कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करते रहने से स्थितियां और भी सुधर सकती हैं।

सभी कंटेनमेंट जोन खत्म

कोरोना का संक्रमण कम हो गया है। इसलिए जिला प्रशासन ने सभी कंटेनमेंट जोन खत्म कर दिया है। एडीएम सिटी अशोक कनौजिया ने बताया कि पिछले हफ्ते अधिकतर कंटेनमेंट जोन खत्म कर दिए गए थे। आठ कंटेनमेंट जोन धूमनगंज, करेली, जार्जटाउन और खुल्दाबाद में बचे थे। उसे भी अब खत्म करते हुए बैरीकेडिंग हटा ली गई है।

टीकाकरण में आई तेजी

कोविड का संक्रमण कम भले ही हो गया लेकिन टीकाकरण केंद्रों पर इसके खिलाफ लड़ाई के अभियान को मजबूत करने का सिलसिला जारी है। शनिवार को 10 हजार से अधिक लोगों ने टीके लगवाए। वहीं अतिरिक्त पांच विशेष सत्र में भी लोग अब पहले की अपेक्षा अधिक पहुंचने लगे हैं। शहर व ग्रामीण केंद्रों पर टीकाकरण में लोगों का उत्साह है। टीका लगवा चुके लाभार्थियों की संख्या सवा लाख पहुंचने के करीब है।

chat bot
आपका साथी