कांग्रेस की श्रद्धांजलि सभा में मंच पर लगा दी दुष्कर्म पीड़िता की फोटो, प्रदेश अध्यक्ष ने तस्वीर भी ट्वीट की

प्रयागराज में कांग्रेस की फाफामऊ हत्याकांड के मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए सभा आयोजित की गई। हत्याकांड में मारे गए चार लोगों की तस्वीरें मंच के पीछे लगे बैनर में लगाई गईं जिसमें 17 साल की नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की भी तस्वीर शामिल है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 09:10 AM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 05:42 PM (IST)
कांग्रेस की श्रद्धांजलि सभा में मंच पर लगा दी दुष्कर्म पीड़िता की फोटो, प्रदेश अध्यक्ष ने तस्वीर भी ट्वीट की
प्रयागराज में कांग्रेस की श्रद्धांजलि सभा में मंच पर दुष्कर्म पीड़िता की फोटो लगा दी गई।

प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज जिले के फाफामऊ में दलित हत्याकांड को लेकर सियासी दिग्गज अपनी रोटी सेंकने में लगे हैं। कांग्रेस अनुसूचित विभाग की ओर से मंगलवार को अलोपीबाग स्थित पटेल सेवा संस्थान में फाफामऊ हत्याकांड के मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए सभा आयोजित की गई। सभा में पीड़ित परिवार के लोग भी शामिल हुए। हत्याकांड में मारे गए चार लोगों की तस्वीरें मंच के पीछे लगे बैनर में लगाई गईं, जिसमें 17 साल की नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की भी तस्वीर शामिल है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपने ट्विटर अकाउंट पर यह तस्वीर और वीडियो ट्वीट भी किया है। अब यह तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर ट्रोल हो रही है।

इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का कहना है कि चूक हो गई। जुवैनाइल एक्ट के तहत दुष्कर्म पीड़िता की पहचान हमें नहीं उजागर करनी थी। हममें कुछ कमियां रह गईं। इसमें सुधार किया जाएगा। बोले, यह कार्यक्रम तो हमने पीड़ित दलित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आयोजित किया था। मृतकों की आत्मा की शांति के लिए हमने प्रार्थना की है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर जमकर हमला बोला। कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल है। दलितों पर अत्याचार जारी है। भाजपा सिर्फ अपनी पीठ थपथपा रही है। निश्चित रूप से आगामी विधानसभा चुनाव के बाद योगी जी अपने मठ में लौट जाएंगे।

वह यहीं नहीं रुके उन्होंने प्रदेश सरकार को असफल बताया। कहा कि आम आदमी महंगाई से परेशान है। युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। भाजपाई सिर्फ झूंठे दावे कर रहे हैं। कानून व्यवस्था की बदहाली का जीता जागता उदाहरण फाफामऊ में 25 नवंबर को एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या है। 26 नवंबर को यूपी कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा भी पीड़ित परिवार के लोगों के आंसू पोंछने के लिए आई थीं। उस समय पुलिस ने दिखावे के लिए कुछ लोगों पर कार्रवाई का दावा किया था, लेकिन वास्तविकता यही है कि कानून व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। कांग्रेस नेता ने सपा और बसपा पर भी निशाना साधा।

chat bot
आपका साथी