इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों ने फिर गिरा दी विज्ञान संकाय की दीवार, निर्माण को लेकर पुलिस से नोकझोंक

उमेश पाल हत्याकांड में मुस्लिम छात्रावास कनेक्शन सामने आने के बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विज्ञान संकाय के गेट पर दीवार चलाई जा रही थी। इसको लेकर छात्रों ने विवाद कर दिया। इस दौरान समझाने पहुंची पुलिस से भी नोकझोंक हुई।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sat, 18 Mar 2023 03:19 PM (IST) Updated:Sat, 18 Mar 2023 03:19 PM (IST)
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों ने फिर गिरा दी विज्ञान संकाय की दीवार, निर्माण को लेकर पुलिस से नोकझोंक
इवि के विज्ञान संकाय की दीवार को शुक्रवार देर रात छात्रों ने गिरा दी। -जागरण

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। काफी समय से शांत इलाहाबाद विश्वविद्यालय में एक दीवार के निर्माण के दौरान हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस और छात्रों के बीच भिड़ंत हो गई। इस दौरान कई छात्रनेता चोटिल हो गए और कुछ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं देर रात नाराज सैकड़ों छात्रों ने धावा बोल दिया और देखते ही देखते दीवार फिर से गिरा दी। सुरक्षा कारणों का हवाला देकर इवि पिछले वर्ष सितंबर से ही विज्ञान संकाय के मुख्य द्वार को बंद करने को प्रयासरत था। तीन बार ताला लगाया पर छात्रनेताओं ने तोड़ दिया।

यह है पूरा मामला

उमेश पाल हत्याकांड में मुस्लिम छात्रावास कनेक्शन सामने आने के बाद इवि प्रशासन ने स्थायी हल खोजते हुए सुरक्षा की दृष्टि से दीवार बनवाने का निर्णय लिया। शुक्रवार सुबह विज्ञान संकाय के गेट पर दीवार बनाई जाने लगी। इसकी जानकारी पर छात्रनेता सत्यम कुशवाहा, आदर्श भदौरिया संग दो दर्जन से अधिक छात्र पहुंच गए और मजदूरों को भगाकर दीवार तोड़ दी। सूचना मिलने पर कर्नलगंज इंस्पेक्टर राममोहन राय मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझा-बुझाकर उन्हें वापस भेजा।

छात्रों ने पुलिस पर लगाया पिटाई का आरोप

वहीं दोपहर बाद भारी पुलिसबल की मौजूदगी में दीवार बनाई जाने लगी तो विरोध में फिर से छात्र पहुंच गए। दीवार बनाने का विरोध करने पर पुलिस उन्हें वहां से हटाने लगी। पुलिस और इवि के अधिकारियों के साथ छात्रों की हाथापाई हुई। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने छात्र नेता सत्यम कुशवाहा और आदर्श भदौरिया की पिटाई की। रात 10 बजे छात्र नेता सत्यम कुशवाहा छात्रसंघ भवन पर आमरण अनशन पर बैठ गए। उसके समर्थन में बड़ी संख्या में छात्रों का एकत्र होना शुरू हो गया था। इसे लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा।

क्या कहते हैं पीआरओ

इवि के पीआरओ प्रो. जया कपूर ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने विज्ञान संकाय परिसर के कटरा गेट को बंद करने की कई बार कोशिश की है, क्योंकि दोनों गेट खुलने से बाहरी लोग निकलते थे। कई शिक्षकों और छात्रों विशेषकर महिलाओं के साथ अभद्रता के प्रकरण हुए। दीवार के बनने से कैंपस की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।

chat bot
आपका साथी