केशव के घर में भाजपा का कमजोर प्रदर्शन

जासं, इलाहाबाद : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ही पूरे प्रदेश में 'बेटी के सम्मान में भाजपा मैदान में' कार

By Edited By: Publish:Sun, 24 Jul 2016 01:00 AM (IST) Updated:Sun, 24 Jul 2016 01:00 AM (IST)
केशव के घर में भाजपा का कमजोर प्रदर्शन

जासं, इलाहाबाद : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ही पूरे प्रदेश में 'बेटी के सम्मान में भाजपा मैदान में' कार्यक्रम तय किया। फिर भी उन्हीं के घर में पार्टी का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। कलेक्ट्रेट में पूरी ताकत झोंककर तीन सांगठनिक जिलों से किसी तरह चार पांच सौ लोगों को तो जुटा लिया गया, लेकिन प्रदर्शन में जोश नहीं दिखा।

प्रदेशाध्यक्ष केशव मौर्य का निर्देश आने के बाद भाजपाइयों ने प्रदर्शन के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन इसका असर कहीं नजर नहीं आया। संगठन के नजरिए से देखा जाए तो इलाहाबाद जिले में भाजपा के तीन सांगठनिक जिले महानगर, यमुनापार और गंगापार हैं। इसके अलावा 25 मंडल हैं। इनके पदाधिकारियों की संख्या भी जोड़ ली जाए तो सैकड़ों में पहुंचती है। मोर्चा प्रकोष्ठों और शहर में पार्टी के पार्षदों से लेकर विधानसभा टिकट के सभी दावेदारों को भीड़ लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। शहर में युवाओं को जुटाने के लिए इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय से भी छात्रों को बुलाया गया था। पार्टी ने जिस हिसाब से तैयारी की थी उससे भीड़ तीन से चार हजार के बीच आसानी से पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा था। पुलिस प्रशासन भी इसी हिसाब से तैयार था। कलेक्ट्रेट रूट पर बड़े वाहनों का प्रवेश भी रोक दिया गया था। मगर जब प्रदर्शन की नौबत आई तो भीड़ नदारद, बमुश्किल पांच सौ लोग ही जुटे जो एडीएम सिटी के कार्यालय के सामने ही सिमट गए।

-----------------

महिलाएं नदारद, शशि संभालेंगी कमान :

बेटियों के सम्मान के लिए उतरी भाजपा के प्रदर्शन में महिलाओं की अच्छी खासी संख्या लाने की तैयारी थी, मगर मौके पर उनकी संख्या उंगलियों के पार भी नहीं पहुंची। ऐसे में अब पार्टी महिलाओं को सहेजने के लिए पूर्व महानगर अध्यक्ष शशि वाष्र्णेय का सहारा लेने जा रही है। शशि वाष्र्णेय ने बताया कि संगठन ने उन्हें महिलाओं को संगठित करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

chat bot
आपका साथी