केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह आज करेंगे अलीगढ़ की नुमाइश का उद्घाटन

जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा व शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे। शाम को कृष्णांजलि नाट्यशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Feb 2021 02:25 AM (IST) Updated:Fri, 05 Feb 2021 02:27 AM (IST)
केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह आज करेंगे अलीगढ़ की नुमाइश का उद्घाटन
केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह आज करेंगे अलीगढ़ की नुमाइश का उद्घाटन

जासं, अलीगढ़ : गंगा-जमुनी तहजीब की प्रतीक राजकीय औद्योगिक व कृषि प्रदर्शनी (नुमाइश) का उद्घाटन शुक्रवार को केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह दोपहर तीन बजे करेंगे। जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा व शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे। शाम को कृष्णांजलि नाट्यशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

नुमाइश दो मार्च तक लगेगी। अध्यक्ष व डीएम चंद्रभूषण सिंह का कहना है कि 28 दिन तक चलने वाली नुमाइश पिछले सालों से बेहतर होगी। इसमें मनोरंजन के साथ जिले के औद्योगिक व कृषि विकास की झलक दिखाई देगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को हुनर दिखाने का मौका मिलेगा।

ये कलाकार करेंगे शिरकत : इस बार नुमाइश में गायक कैलाश खेर, रेखा भारद्वाज, जसलीन रायल, पूर्णिमा श्रेष्ठा, फरहान साबरी, असीस कौर, मालिनी अवस्थी, मैथिली ठाकुर, आस्था गिल, राधे श्याम राधे समेत कई बड़े कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। कोहिनूर मंच पर राजस्थानी नाइट, कामेडी नाइट, एक शाम देश के नाम, म्यूजिकल नाइट, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन समेत कई बड़े कार्यक्रम भी होंगे।

उद्योग मंडप में चमकेगा प्रदेश का कारोबार : नुमाइश में उद्योग मंडल तैयार हो गया है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों का पारंपरिक कारोबार चमकेगा। महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के स्टाल पर हुनर देखने को मिलेगा। कासगंज की जरदोजी देखने को मिलेगी बिजनौर का वुडन क्राफ्ट दर्शकों को लुभाएगा। सहारनपुर का लकड़ी का फर्नीचर आकर्षित करेगा। हाथरस की हींग की खुशबू बिखेरेगी। संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने बताया है कि उद्योग मंडप में 70 दुकानों का आवंटन हो चुका है। दो-चार दुकानें शेष रह गई हैं। उनके आवंटी कारोबारी शुक्रवार तक पहुंच जाएंगे। हाथरस जिले के मूंगा-मोती के स्टाल भी लगेंगे। 70 किलो का ताला अपने शहर के पारंपरिक कारोबार को प्रदर्शित करेगा।

chat bot
आपका साथी