ये नए मिजाज का शहर है, जरा फासले से चला करो, शारीरिक दूरी के नियम से शोरूमों का बदल गया नजारा

यहां सेहत के लिए खास नियम हैं। शोरूमों और दुकानों के बाहर शारीरिक दूरी रखना जरूरी है। बाजारों का समय भी इसी हिसाब से तय है।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Publish:Wed, 03 Jun 2020 11:43 PM (IST) Updated:Thu, 04 Jun 2020 01:12 AM (IST)
ये नए मिजाज का शहर है, जरा फासले से चला करो,  शारीरिक दूरी के नियम से शोरूमों का बदल गया नजारा
ये नए मिजाज का शहर है, जरा फासले से चला करो, शारीरिक दूरी के नियम से शोरूमों का बदल गया नजारा

मनोज जादौन, अलीगढ़।  ये नए मिजाज का शहर है, जरा फासले से चला करो। जी हां, लंबे समय बाद जिंदगी ने रफ्तार पकड़ी। शहर के बाजार बुधवार को गुलजार हो उठे। लेकिन, अंदाज अलग था। यहां सेहत के लिए खास नियम हैं। शोरूमों और दुकानों के बाहर शारीरिक दूरी रखना जरूरी है। बाजारों का समय भी इसी हिसाब से तय है। हाथ सैनिटाइज की शर्त है। यही नहीं नोटों को हाथ लगाने से भी डर है।

एेसे बदले शोरूम

दोपहर लगभग 12 बजे रामघाट रोड स्थित शहर से सबसे प्रसिद्ध कुंजी लाल का मिठाई और दालसेव का शोरूम। लॉक डाउन में शोरूम का इंटीरियर बदल चुका है। सेवा देने का तरीका भी पहले से बहुत हटकर है। नमकीन व मिठाई की वैरायटी भी काफी कम हैं। शोरूम के मुख्य गेट पर फ्लैक्स लगा है। सबसे पहले नजर उसी पर पड़ती है। संदेश लिखा है, बिना मास्क लगाए प्रवेश वर्जित। सेंसर आधारित मुख्य गेट पर गार्ड अलर्ट है। उसके बराबर में हाथों को सैनिटाइज करने के लिए डिस्पेंसर मशीन लगी है। पैर से दबाकर हाथ सैनिटाइज करने होते हैैं। तापमान की चेकिंग करानी होती है, तब काउंटर तक पहुंचने की अनुमति मिलती है। शीशा के काउंटरों पर रेड रिबन बंधा है, ताकि ग्राहक के हाथ काउंटर को न छूएं। ऑर्डर दूर से ही देना होगा। भुगतान के समय नोट भी सैनिटाइज होंगे। शोरूम कर्मी पैकेट को अलग रखेंगे, तब उसे आप उठा सकेंगेे। शारीरिक दूरी के लिए रिबन स्टैंड लगाए हैं। एक काउंटर पर एक ग्राहक  को ही वहां बने घेरे में खड़े होने की अनुमति है। अतिथि देवो भव का तरीका ही बदल गया। 

गेट पर गार्ड 

मैरिस रोड रेमेंड शोरूम के मुख्य गेट के बाहर ही गार्ड तैनात है। हाथ सैनिटाइज करने का विनम्रता से अनुरोध होता है। यदि कोई सामान साथ है तो बाहर रखने को कहा जाता है। थर्मल स्कैनर से तापमान की चेकिंग और तब अंदर प्रवेश। पसंद के बाद रेडीमेड गारमेंट्स की फिजीकल चेकिंग के लिए पैकिंग खोलने की अनुमति शोरूम मालिक शशांक अग्रवाल देते हैं। भूतल और ऊपरी तल पर पांच-पांच लोग आ गए तो आगे किसी को अनुमति तब तक नहीं, जब तक कि एक ग्राहक हट ना जाएं। सेल्स मैन व गर्ल सभी मास्क, हाथों के दस्ताने व फेस कवर प्रयोग कर रहे हैैं। सभी शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते दिखते हैं। 

भैया जरा हटके 

मैरिस रोड के शोरूम में शॉपिंग करने की बात हो, या बाजार में पैदल सफर। अचानक कई बार कान में आवाज आएगी, भैया जरा हटके। यह आवाज शारीरिक दूरी बनाने के लिए होती है। जब काउंटर से शॉपिंग के बाद बाहर निकलते हैं, तो जरा बचके। यह आम बात हो गई है। 

सरकारी विभाग में बदले नजारे

 मैरिस रोड स्थित आयकर भवन। यहां गेट पर गार्ड रोकेगा। मिलने वाले अधिकारी का नाम पूछा जाएगा। अफसर की अनुमति के बाद हाथ सैनिटाइज किए जाएंगे। टेंप्रेचर चेक होगा। आयकर अधिकारी मुख्यालय अंजनेश मित्तल कहते हैैं कि सभी काम ऑनलाइन हो रहे हैं। जरूरी हो तो एक व्यक्ति को ही अंदर जाने की अनुमति है। कमोबेश यही सावधानी अन्य विभागों में हैं। 

पहले परिवार के साथ शॉपिंग के लिए जाती थीं, अब कार में दो ही लोग जाते हैं। शोरूम में प्रवेश से लेकर खरीदारी तक सतर्क रहते हैं। - चिक्की अग्रवाल, ग्राहक 

घर से निकलने से पहले पूरी तैयारी करनी होती है। हाथों के दस्ताने से लेकर मास्क भी लगाने होते हैं। शॉपिंग के समय सर्तकता भी रखते हैं। - कल्पना वाष्र्णेय, ग्राहक 

अनलॉक भले हो गया, पर लोग कम आ रहे हैं। खरीदने में संकोच कर रहे हैं। इसके चलते बिक्री काफी कम है। मांग कम होने पर कम व्यंजन तैयार कराए जा रहे हैं। मांग के अनुसार व्यंजनों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। -सुमित गोयल, मालिक कुंजीलाल 

chat bot
आपका साथी