पंचायत चुनाव में दमदार प्रत्याशी उतारेगी सपा

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरे दमखम से उतर रही है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 02:01 AM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 02:01 AM (IST)
पंचायत चुनाव में दमदार प्रत्याशी उतारेगी सपा
पंचायत चुनाव में दमदार प्रत्याशी उतारेगी सपा

जासं, अलीगढ़ : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरे दमखम से उतर रही है। इसका एलान पार्टी हाईकमान ने पहले ही कर दिया था। अब प्रस्तावित आरक्षण जारी होने के बाद वरिष्ठ नेताओं ने स्थानीय स्तर पर मंथन शुरू कर दिया है। पूरा जोर प्रत्याशियों के चयन पर रहेगा। इसके लिए ब्लाक स्तर पर कमेटियां गठित की जाएंगी, जो दमदार प्रत्याशियों का चयन करेंगी। पांच मार्च को टप्पल में आयोजित किसान पंचायत के बाद पार्टीजन चुनाव की तैयारियों में जुट जाएंगे।

विपक्ष में बैठी सपा पुन: सत्ता पाने का अब कोई भी मौका छोड़ना नहीं चाहती। ज्वलंत मुद्दों को गर्मजोशी के साथ उठाया जा रहा है। सरकार की हर कमियां गिनाई जा रही हैं। अब पंचायत चुनाव में भी सपा की दखल रहेगी। मंगलवार को प्रस्तावित आरक्षण जारी होने के बाद ही स्थानीय स्तर पर पार्टीजनों में चुनावी गणित लगाना शुरू कर दिया है। उद्देश्य अधिक से अधिक सीटें निकालने का रहेगा। अलीगढ़ में भी वरिष्ठ नेताओं ने मंथन शुरू कर दिया है। फिलहाल टप्पल में होने वाली किसान पंचायत को सफल बनाने पर पूरा जोर है। कृषि बिल के विरोध में आयोजित इस किसान पंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आ रहे हैं। पार्टीजनों का मानना है कि अखिलेश के आने से जहां किसानों का समर्थन मिलेगा, वहीं पंचायत चुनाव में भी लाभ होगा। पंचायत के बाद नेताओं का जोर प्रत्याशियों के चयन पर होगा। सपा जिलाध्यक्ष गिरीश यादव बताते हैं कि पार्टी पंचायत चुनाव पूरे दमखम से लड़ेगी। जिले के सभी 12 ब्लाक में कमेटियां गठित की जाएंगी, जो दमदार प्रत्याशियों का चयन करेंगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन भी मांगे जा रहे हैं। अगर किसी क्षेत्र से छह कार्यकर्ता खड़े हैं तो सामंजस्य स्थापित कर एक को ही चुनाव लड़ाया जाएगा। बाकी उसका समर्थन करेंगे। टप्पल किसान पंचायत के बाद चुनाव की तैयारियों में ही जुटा जाएगा।

..

आरक्षण सही होगा तो स्वागत करेंगे। अगर किसी राजनीति भावना से प्रेरित होगा तो खुलकर विरोध किया जाएगा।

गिरीश यादव, सपा जिलाध्यक्ष

chat bot
आपका साथी