अलीगढ़ में यूरिया के दुरुपयोग की सूचना पर फैक्ट्री में छापा, फर्श पर बिखरा मिला यूरिया

अलीगढ़ में मंगलवार को एक पुलिस प्रशासन व कृषि विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की। गोदाम की फर्श पर यूरिया बिखरा पड़ा मिला। वहीं काफी संख्‍या में बोरे भी मिले। टीम ने जांच के लिए गोदाम से नमूने ले लिये। दरअसल इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Wed, 29 Jun 2022 03:07 PM (IST) Updated:Wed, 29 Jun 2022 04:26 PM (IST)
अलीगढ़ में यूरिया के दुरुपयोग की सूचना पर फैक्ट्री में छापा, फर्श पर बिखरा मिला यूरिया
पुलिस, प्रशासन व कृषि विभाग के अधिकारियों ने अलीगढ़ की एक फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां फर्श पर यूरिया मिला।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। अनुदानित यूरिया के दुरुपयोग की सूचना पर पुलिस, प्रशासन व कृषि विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को पिसावा की एक फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां गोदाम में फर्श पर यूरिया बिखरा पड़ा था। काफी संख्या में बाेरे मिले। जांच के लिए गोदाम से नमूने लिए गए। 

इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

जिला कृषि अधिकारी रामप्रवेश ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियाे का संज्ञान लेकर तहसीलदार गभाना, थाना पुलिस के साथ फैक्ट्री पर छापा मारा गया था। मौके पर 24 नमक के बोरे, 1500 बिना सिले खाली बोरे पाए गए। फैक्ट्री संचालक द्वारा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी फैक्ट्री स्थापना संबंधित सहमति पत्र व फायर विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं दिखाया। वीडियो से स्पष्ट हो रहा है कि मौके पर लगभग 300 बोरा यूरिया था। अनुदानित कृभको यूरिया को सादे बोरों में भरकर संभवतः औद्योगिक में प्रयोग किया जा रहा था। फैक्ट्री के नाम से कोई भी उर्वरक प्राधिकार पत्र नहीं है। ऐसा कृत्य उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के विभिन्न प्राविधानों का उल्लंघन है। प्रकरण में दो फर्मों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कराई जा रही है।

डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत

अलीगढ़। क्वार्सी थाना क्षेत्र के महेशपुर पुल के पास मंगलवार सुबह डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।थाना गभाना क्षेत्र के गांव गांवरी निवासी 19 वर्षीय सूरज कुमार गुप्ता जवां क्षेत्र के पोखरगढ़ी निवासी दीपांशु के साथ बाइक से शहर स्थित कोचिंग में आ रहे थे। महेशपुर पुल के पास पेट्रोल पंप के सामने डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ। दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। ऐसे में सूरज का सिर जमीन पर गिरा, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। जबकि दीपांशु को जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। डंपर को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी