जागरूक होने पर ही रुकेगा बच्चों और किशोरों का शोषण, सरकार ने की पहल

प्रदेश में बच्चों और किशोरों के यौन उत्पीड़न की घटनाएं सभ्य समाज की विद्रूपता भी प्रदर्शित कर रही हैं। घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं इन्हें रोकने के लिए सरकार अब जनजागरूकता का सहारा लेगी। ‘राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत ‘बाल सुरक्षा सप्ताह’ का आयोजन होगा।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Mon, 15 Nov 2021 03:12 PM (IST) Updated:Mon, 15 Nov 2021 03:13 PM (IST)
जागरूक होने पर ही रुकेगा बच्चों और किशोरों का शोषण, सरकार ने की पहल
प्रदेश में बच्चों और किशोरों के यौन उत्पीड़न की घटनाएं सभ्य समाज की विद्रूपता भी प्रदर्शित कर रही हैं।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। प्रदेश में बच्चों और किशोरों के यौन उत्पीड़न की घटनाएं सभ्य समाज की विद्रूपता भी प्रदर्शित कर रही हैं। घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं, इन्हें रोकने के लिए सरकार अब जनजागरूकता का सहारा लेगी। ‘राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम' के तहत ‘बाल सुरक्षा सप्ताह’ का आयोजन होगा। जो 14 से 20 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर बाल यौन शोषण के खिलाफ जागरूकता फैलाई जाएगी।

बाल सुरक्षा सप्‍ताह का होगा आयोजन

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन-उत्तर प्रदेश के किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के महाप्रबंधक डा. वेद प्रकाश ने प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र भेजकर कार्यक्रमों के आयोजन का निर्देश दिया है, जो बाल यौन शोषण के मुद्दे पर लोगों को संवेदनशील बनाने के साथ ही बच्चों के लिए और सुरक्षित माहौल दे सके। ‘बाल सुरक्षा सप्ताह’ में किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत पीयर एजुकेटर द्वारा साथिया समूह के साथ व विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों जैसे क्विज प्रतियोगिता, पोस्टर चार्ट, जिंगल मेकिंग प्रतियोगिता आदि आयोजित कर इससे संबंधित जानकारी प्रदान करने और उन्हें जागरूक बनाने के साथ-साथ प्रोत्साहित करेंगे।

दिया जाएगा प्रमाण-पत्र

इन प्रतियोगिताओं में विजेता बच्चों व किशोरों को प्रमाणपत्र के साथ सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक ब्लाक के दो इंटर कालेजों में किशोर स्वास्थ्य मंच का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही किशोर स्वास्थ्य काउंसलर / फेमिली प्लानिंग काउंसलर भी जागरूकता अभियान चलाएंगे। उप केंद्र स्तर पर ‘किशोर स्वास्थ्य और कल्याण दिवस’ व किशोर मित्रता क्लब की बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इनमें लोगों को यौन उत्पीड़न रोकने के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की जाएगी।

पुलिस ने बच्चों संग बांटी खुशियां

अलीगढ़ । बाल दिवस पर पुलिस ने बच्चों के साथ खुशियां बांटीं। पुलिस लाइंस स्थित कार्यालय में प्रतिसार निरीक्षक हरेंद्र पाल सिंह ने बच्चों के साथ बाल दिवस मनाया। उन्हें टाफी, गुब्बारे व अन्य खाने की वस्तुएं दी गईं। इधर, सासनीगेट थाना प्रभारी पंकज मिश्रा की ओर से थाना सासनीगेट क्षेत्र में बच्चों को टाफी, बिस्कुट, फल आदि वितरित किए।

chat bot
आपका साथी