हेलो डॉक्टर में ईएनटी सर्जन का परामर्श: वजन घटा लीजिए, कम हो जाएंगे खर्राटे Aligarh news

दिनभर की भागदौड़ और मेहनत के बाद अच्छी नींद से थकान व मस्तिष्क को ताजगी मिलती है। नींद से ही शारीरिक व मानसिक क्रियाएं संतुलित होती हैं।

By Sandeep SaxenaEdited By: Publish:Thu, 13 Feb 2020 12:33 PM (IST) Updated:Thu, 13 Feb 2020 05:20 PM (IST)
हेलो डॉक्टर में ईएनटी सर्जन का परामर्श: वजन घटा लीजिए, कम हो जाएंगे खर्राटे Aligarh news
हेलो डॉक्टर में ईएनटी सर्जन का परामर्श: वजन घटा लीजिए, कम हो जाएंगे खर्राटे Aligarh news

अलीगढ़ [जेएनएन]: दिनभर की भागदौड़ और मेहनत के बाद अच्छी नींद से थकान व मस्तिष्क को ताजगी मिलती है। नींद से ही शारीरिक व मानसिक क्रियाएं संतुलित होती हैं। यदि खर्राटे की वजह से आप पर्याप्त नींद नहीं ले पा रहे तो गलत है। बच्चे हो या बड़े नींद में खर्राटे आते हैं तो इलाज कराना जरूरी है। यह कहना है नुमाइश के पास जेल रोड स्थित गुप्ता नर्सिंग होम के ईएनटी सर्जन डॉ. अभिनव गुप्ता का। डॉ. गुप्ता बुधवार को दैनिक जागरण के 'हेलो डॉक्टर' कार्यक्रम में पाठकों को परामर्श दे रहे थे।

मुझे सर्दी-जुकाम रहता है। नाक की हड्डी उठी सी महसूस होती है। - आसिम, छर्रा

- साइनस में भी ऐसी समस्या होती है। एक्स-रे या नेजल एंडियोस्कॉपी से नाक की हड्डी की स्थिति पता चल जाएगी।

मेरा तीन वर्षीय बेटा नींद में खर्राटे लेता है। गले में टांसिल से हो गए हैं। - शंकर लाल, नौरंगाबाद

- कई बार नाक के पीछे एडिनोइड हो जाते हैं। यह समस्या करीब आठ साल तक रहती है। नेजल स्पे व दवा से ठीक भी हो जाती है। 

बचपन में टायफाइड होने के बाद बायां कान सुन्न हो गया। कुछ सुनाई नहीं देता। - प्रदीप जैन, छिपैटी

- ओडियोमेट्री टेस्ट से आपके सुनने की क्षमता का पता चलेगा। इसके बाद उसी क्षमता की मशीन लगाकर आप सुनने में सक्षम हो जाएंगे।

साइट से करवट लेकर सोता हूं तो खर्राटे आते हैं। सीधा लेटने पर खर्राटे नहीं आते। - नरेश कुमार, सांकरा

- ईएनटी सर्जन से संपर्क कर जांच कराएं। नाक में कोई रुकावट है, जिससे पूरा सांस नहीं निकलता।

गले में कुछ अटका सा महसूस होता है। सुबह सांस लेने में भी दिक्कत होती है। गुटखा खाने से तो समस्या नहीं। - मो. शकील, शाहजमाल

- गुटखा खाने से ही यह समस्या है। गले की जांच (लेरिगोस्कॉपी) कराएं। गुटखा खाने वालों का गला सूख जाता है। नाक की हड्डी भी बड़ी हो सकती है।

एक कान से कम सुनाई देता है। चक्कर भी आते हैं। - एसपी वाष्र्णेय, समद रोड

- वेस्टिबुलर रिहेबिलिटेशन थेरेपी (वीआरटी) से यह समस्या ठीक हो जाती है। कुछ जांच करानी होंगी। विशेषज्ञ से संपर्क करें।

मेरी उम्र 70 साल और वजन 85 किलोग्र्राम है। नींद में बहुत ज्यादा खर्राटे आते हैं। - बनवारी लाल, महेंद्र नगर

- मोटापा, नाक में रुकावट, तंबाकू व शराब का सेवन करने वाले लोगों में यह समस्या आम होती है। सबसे पहले वजन घटा लीजिए, खर्राटे कम हो जाएंगे। इसके बाद नाक व गले की जांच भी कराएं।

जागरण के सवाल

कुछ लोगों में नाक से बोलने की समस्या होती है।

- बच्चों में यह समस्या टांसिल व एडिनोइट (नाक के पीछे मांस बढऩा) से होती है। बच्चा सांस नहीं ले पाता। ऑपरेशन या एडिनोइट थेरेपी से इलाज संभव है। बड़ों में नाक की हड्डी बढ़ी या टेढ़ी होने से यह समस्या होती है। कई लोग कान में आवाजें आने की शिकायत करते हैं

- यह समस्या कान से जुड़ी हुई नहीं है। बल्कि, इसका ताल्लुक दिमाग से होता है। ऐसे मरीजों को मानसिक रोग विशेषज्ञ से मिलना चाहिए।

परिचय

नाम-डॉ. अभिनव गुप्ता

योग्यता-एमबीबीएस, एमएस (ईएनटी)

विशेषज्ञता-ईयर एंड साइनस सर्जरी।

कार्यरत-गुप्ता नर्सिंग होम, जेल फाटक के पास, अलीगढ़।

इन्होंने भी पूछे सवाल

डोरी नगर से दीपक कुमार सिंह, गांधी नगर से सोहन यादव, चंदनिया हाउस से आरिफ खान, डीएवी कॉलेज से उमाकांत, क्वार्सी से रमेश चंद्र, बैंक कॉलोनी से राजकुमार, गूलर रोड से केशव, इगलास से अमित शर्मा, सांकरा से सचिन कुमार, राठी नगर से मधु गौतम आदि।

chat bot
आपका साथी