अलीगढ़ में रामघाट रोड का निर्माण कार्य सुस्त, फिर बढ़ीं मुश्किलें

दीपावली के बाद रोक दिया गया काम देवसैनी की तरफ 10 मीटर सीसी रोड के बाद नहीं हुआ निर्माण।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 09 Nov 2021 06:52 PM (IST) Updated:Tue, 09 Nov 2021 06:52 PM (IST)
अलीगढ़ में रामघाट रोड का निर्माण कार्य सुस्त, फिर बढ़ीं मुश्किलें
अलीगढ़ में रामघाट रोड का निर्माण कार्य सुस्त, फिर बढ़ीं मुश्किलें

जासं, अलीगढ़ : रामघाट रोड पर पीएसी के पास सुस्त निर्माण कार्य से लोगों की मुसीबतें फिर बढ़ गई हैं। लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। सड़क पर गिट्टियां पड़ी होने से दोपहिया वाहन चालक घायल हो रहे हैं। धूल का गुबार दिनभर उड़ता रहता है, जिससे राहगीरों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। रोड के आसपास रह रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रामघाट रोड पर पीएसी के पास डेढ़ साल बाद सड़क का निर्माण शुरू हुआ था। देवसैनी की तरफ काम की शुरुआत हुई थी। दीपावली से पहले काम तेजी से चल रहा था। करीब 10 मीटर सड़क भी सीसी करा दी गई थी, इससे लग रहा था कि 10 दिन के भीतर सड़क बन जाएगी और लोगों की समस्या का समाधान हो जाएगा। दीपावली के बाद काम बंद हो गया। अब रामघाट रोड पर जनरेटर, पाइप पड़े हैं। आधी-अधूरी सड़क बनाकर छोड़ दी गई है। गिट्टियां फैली पड़ी हैं। ये बड़े वाहनों के पहियों के नीचे आकर छिटक जाती हैं और कभी-कभी राहगीरों को भी लग जाती हैं। धूल का गुबार दिन भर उड़ता रहता है। इससे जाम लगना शुरू हो गया है। मंगलवार को भी शाम चार बजे जाम लगा था।

..........

दिखाने के लिए काम कर दिया तेज

दीपावली से पहले प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग नितिन रमेश गोकर्ण के आने पर सड़क का निर्माण तेज हो गया था। उनके जाने के बाद काम सुस्त पड़ गया। लोगों में चर्चा थी कि प्रमुख सचिव को दिखाने के लिए काम तेज किया गया था।

........

त्योहार पर काम रोक दिया गया था। मंगलवार से शुरू करा दिया गया है। नाले का निर्माण शुरू हो गया है। एक-दो दिन में सीसी रोड का काम शुरू हो जाएगा। 10 दिन में सड़क बनकर तैयार हो जाएगी।

अनिल कुमार शर्मा, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी

chat bot
आपका साथी