अलीगढ़ में टीवी चैनल के डिबेट के दौरान भिड़े भाजपा व सपा कार्यकर्ता, पथराव और मारपीट

चुनाव की घोषणा भले ही अभी नहीं हुआ है लेकिन राजनीतिक दलों इसकी तैयारी में जुटे हैं। एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। एक टीवी चैनल के डिबेट के दौरान तो भाजपा व सपा-रालोद कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Publish:Fri, 07 Jan 2022 11:02 PM (IST) Updated:Fri, 07 Jan 2022 11:02 PM (IST)
अलीगढ़ में टीवी चैनल के डिबेट के दौरान भिड़े भाजपा व सपा कार्यकर्ता, पथराव और मारपीट
अलीगढ़ के रामलीला मैदान में डिबेट के दौरान भाजपा व सपा कार्यकर्ताओं में हुई मारपीट

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : शहर के रामलीला मैदान में शुक्रवार शाम को एक निजी टीवी चैनल की डिबेट के दौरान भाजपा, सपा व रालोद के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। पार्टी का झंडा लहराने को लेकर हुई कहासुनी इतनी बढ़ी कि मारपीट हो गई। भगदढ़ के बीच एक-दूसरे पर कुर्सियों फेंकी गईं। पथराव किया गया। इसमें पांच-छह लोगों को चोटें आई हैं। इसे लेकर डीटी रोड पर लंबा जाम लग गया। भारी संख्या में आए पुलिस बल ने यहां स्थिति को जैसे-तैसे संभाला। इसके बाद सपा कार्यकर्ता गांधीपार्क थाने पहुंच गए और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।

नारेबाजी के दौरान हुआ टकराव 

अचलताल स्थित रामलीला मैदान में टीवी चैनल की डिबेट चल रही थी। इसमें भाजपा, कांग्रेस, सपा, रालोद, बसपा व किसान यूनियन के नेता शांतिपूर्ण तरीके से बहस कर रहे थे। सैंकड़ों की भीड़ जमा थी। शाम करीब छह बजे डिबेट में इंटरवल हुआ तो भीड़ में शामिल कार्यकर्ता अपनी-अपनी पार्टियों का नारा बुलंद करने लगे। इसी बीच झंडे लहराए गए। कुछ भीड़ बाहर की तरफ भी आ रही थी। तभी भाजपा, सपा व रालोद के कार्यकर्ताओं  टकराव हो गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी।

कुर्सियां टूटी, मची भगदड़ 

बेरिकेडिंग तोड़कर लोग कार्यकर्ता इधर-उधर भागने लगे। एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकी गईं। इसमें कई कुर्सियां टूट गईं। इसके बाद कार्यकर्ता रामलीला मैदान के बाहर जीटी रोड पर आ गए, जहां फिर से झड़प हो गई। सूचना पर गांधीपार्क, बन्नादेवी, क्वार्सी थाने का फोर्स बुलाना पड़ा। तब तक विवाद शांत हो गया। लेकिन, दोनों पक्षों के लोग अलग-अलग जगहों पर इकट्ठा होने लगे। हालांकि पुलिस ने इन्हें समझाकर यहां से हटा दिया। इसके चलते कार्यक्रम को रद करना पड़ा। इधर, विवाद को लेकर जीटी रोड पर भी भगदड़ मच गई थी। इसे लेकर दुबे के पड़ाव से लेकर नौरंगाबाद पुल के नीचे तक जाम लग गया। पुलिस ने मशक्कत करके जाम को खुलवाया।

लाल टोपी वालों को घेरने की बात कहने का आरोप 

रात में सपा महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी, महासचिव मनोज यादव, जिला प्रवक्ता राजेश सैनी, जिला उपाध्यक्ष रत्नाकर पांडेय, मनीष शर्मा, रंजीत चौधरी, संजय शर्मा, कौशल दिवाकर समेत काफी संख्या में सपाई गांधीपार्क थाने में पहुंच गए। राजेश सैनी का कहना है कि भाजपा नेता कह रहे थे कि लाल टोपी वाले यहां बैठे हैं, इन्हें हटाओ। इसका विरोध किया था। वहीं कौशल दिवाकर की ओर से तहरीर दी गई है। इसमें आरोप है कि भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताअों को देखकर आग-बबूला हो गए। बोले कि जितने भी लाल टोपी वाले हैं, सभी को घेर लो। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। आरोप है कि कौशल को नीचे गिराकर मारपीट की। उन्हें बचाने के लिए अर्जुन सिंह भोलू व अन्य कार्यकर्ता आए तो उनसे भी धक्कामुक्की की गई। आरोप है कि कौशल की जेब से 790 रुपये निकाल लिए। चौधरी रंजीत समेत अन्य लोगों ने जान बचाई। इसके बाद आरोपितों ने धमकी भी दी।

बिना अनुमति हो रहा था कार्यक्रम 

सीओ मोहसिन खान ने बताया कि रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम बिना अनुमति के हो रहा था। पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी। कार्यक्रम में दो पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाकर हटाया। पूरे मामले की जांच की जा रही है। सपा कार्यकर्ताअों की ओर से तहरीर दी गई है। इसकी भी जांच करवाई जा रही है।

chat bot
आपका साथी