विकास की नींव में भ्रष्टाचार की ईट

सुरजीत पुंढीर, अलीगढ़ : विकास कार्यों में घालमेल किसी से छिपा नहीं है। अब खंड विकास कार्यालय के भवनो

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Mar 2017 01:50 AM (IST) Updated:Fri, 24 Mar 2017 01:50 AM (IST)
विकास की नींव में भ्रष्टाचार की ईट
विकास की नींव में भ्रष्टाचार की ईट

सुरजीत पुंढीर, अलीगढ़ : विकास कार्यों में घालमेल किसी से छिपा नहीं है। अब खंड विकास कार्यालय के भवनों के निर्माण में भी घोटाले की बू रही है। कहीं घटिया ईट इस्तेमाल हो रही हैं तो कहीं घटिया सीमेंट। डीडीओ के निरीक्षण में इसका पर्दाफाश हुआ है। यह निर्माण जल निगम की इकाई सी एंड डीएस करा रही है।

तीन साल पहले : शासन ने वित्त वर्ष 2013-14 में गौंडा, जवां व इगलास खंड विकास परिसरों में दफ्तर व आवासों के निर्माण को स्वीकृति दी थी। इसके लिए नौ करोड़ रुपये स्वीकृत किए। पहले साल तीनों के लिए एक-एक करोड़ रुपये जारी हुए। पैसे खत्म होने के बाद काम रुक गया। सपा सरकार ने अंतिम समय में बाकी पैसा जारी कर दिया था। अब निर्माण प्रगति पर है।

गिर रहा मसाला : जवां खंड विकास कार्यालय में 2.70 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। यहां लगभग 70 फीसद काम पूरा हो चुका है। ठेकेदार ने निर्माण में घटिया ईट लगाई हैं। मसाला भी अच्छी गुणवत्ता का नहीं है। दीवार से हाथ रगड़ने पर मसाला गिरने लगता है।

दोयम दर्जे की ईट : गौडा में चल रहे निर्माण पर 3.12 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। कार्यालय में प्लास्टर का काम पूरा हो चुका है। यहां दीवारों में दोयम दर्जे की ईट लगाई गई हैं। पिलर व बीम में पुरानी सरिया लगाई गई हैं। तकनीकी जांच में पाया गया कि चिनाई में मसाला 6:1 की बजाय 8:1 का लगाया गया है।

बदरपुर की जगह बालू : इगलास में भी निर्माण के लिए 3.12 करोड़ रुपये मिले हैं। यहां निर्माण धीमी गति चल रहा है। निर्माण में बदरपुर के स्थान पर बारीक बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है। ईट व सरिया भी घटिया हैं।

.......

निरीक्षण के दौरान निर्माण में खामियां मिलीं। कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक को पत्र लिखकर जानकारी दे दी गई है। सुधार नहीं हुआ तो शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

बलवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी

chat bot
आपका साथी