हत्याभियुक्त को मारी गोली

By Edited By: Publish:Mon, 22 Sep 2014 02:30 AM (IST) Updated:Mon, 22 Sep 2014 02:30 AM (IST)
हत्याभियुक्त को मारी गोली

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : क्वार्सी क्षेत्र का नगला डालचंद रविवार शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। अपने सगे भतीजे की हत्या में कुछ महीने पहले जेल से बाहर आए वृद्ध पर गोलियां बरसाई गईं। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल में भर्ती कराया गया है।

नगला डालचंद में दो भाई राम सिंह व रामप्रसाद रहते हैं। रामसिंह के पास एक बेटा अर्जुन सिंह है जबकि रामप्रताप के पास छह बेटे थे। इनमें से एक 24 वर्षीय प्रताप सिंह की जून 2012 हत्या हो गई थी। हत्या में प्रताप के ताऊ राम सिंह और तयेरे भाई अर्जुन सिंह को नामजद कराया गया था, तब दोनों भाइयों के बीच एक प्लॉट के बराबर से रास्ते को लेकर विवाद था। रामसिंह और उसका बेटा अर्जुन जेल में थे। कुछ महीने पहले ही 55 वर्षीय रामसिंह जमानत पर जेल से बाहर आए थे। रविवार शाम नगला डालचंद में करीब पांच बजे घर से करीब 500 मीटर दूर हथियारबंद कुछ युवकों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया और फायरिंग कर दी। दो गोलियां रामसिंह को लगी। एक गोली उनके कंधे के पास और दूसरी गोली उनकी कोख के ठीक ऊपर लगी है। मौके पर प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और घायल को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। सीओ तृतीय सुरेश चंद्र रावत का कहना है कि रामसिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। अभी तक कोई तहरीर घायल पक्ष की तरफ से नहीं आई है। आसपास जानकारी करने पर पता चला है कि रामसिंह की अपने ही भाई से प्लाट के पास रास्ते को लेकर रंजिश चल रही है। भतीजे ही हत्या में रामसिंह जेल जा चुके हैं। बेटा अभी भी जेल में है।

chat bot
आपका साथी