चुनावी छुट्टी में मस्ती का तड़का

By Edited By: Publish:Fri, 25 Apr 2014 01:52 AM (IST) Updated:Fri, 25 Apr 2014 01:52 AM (IST)
चुनावी छुट्टी में मस्ती का तड़का

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ :

हाथरस लोकसभा क्षेत्र के चुनाव के चलते शहर में सन्नाटा रहा। दफ्तरों में असमंजस की स्थिति रही, तमाम बंद रहे तो कुछ खुले भी। एकाध को छोड़कर अधिकांश स्कूल बंद रहे।

हाथरस लोकसभा क्षेत्र में शहर से सटे कई इलाके आते है। इनमें धनीपुर मंडी छर्रा विधानसभा क्षेत्र तथा सारसौल इलाके से जुड़े गांव इगलास में आते है। इन दोनों क्षेत्रों में सड़कों पर सन्नाटा रहा। वोट डालने वाले लोग जरूर दिखे।

स्कूलों से लौटे बच्चे

हाथरस लोकसभा के चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से स्थिति बहुत स्पष्ट नहीं की गई थी। रामघाट रोड के कई स्कूलों की वैन बच्चों को लेने घर पहुंची। विद्यार्थी स्कूल भी आए। बाद में स्कूल प्रशासन की ओर से बंद होने की बात कही गई। इसके बाद बच्चे लौट आए। हालांकि कुछ इलाकों में स्कूल की गाड़ियां ही अभिभावकों को सूचना देने पहुंची। छात्र-छात्रा वहीं से घर लौट गए। इससे अभिभावकों को भारी परेशानी हुई।

दफ्तरों में असंमजस की स्थिति

शिक्षा विभाग से जुड़े विभागों में से अधिकांश कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगी थी। ऐसे में एकाध ही कर्मचारी बचे। वह भी सुबह कार्यालय पहुंचे। बाद में हालात देख कर चलते बने। कृषि विभाग में भी ऐसे ही हालात थे। वहां भूमि संरक्षण अधिकारी कार्यालय में एक कर्मचारी के आकस्मिक निधन के बाद अवकाश कर दिया। रोडवेज के दफ्तर भी बंद रहे।

दिन में सन्नाटा, शाम को रौनक

शहर में दिनभर अधिकांश मार्गों पर सन्नाटा रहा। धनीपुर इलाके के बाजार तो पूरी तरह बंद थे। वहीं रेलवे रोड आदि इलाकों में देर से दुकानें खुलीं। शाम के वक्त बाजार में रौनक लौट आई।

बसों की रही किल्लत

रोडवेज की तमाम बसों के चुनाव में होने से यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। हालांकि सभी रूटों पर बसें चली। प्राइवेट रूटों पर कुछ ज्यादा परेशानी रही। अतरौली, अनूपशहर, संभल, सासनी आदि रूटों की बसें चुनाव में होने के कारण काफी इंतजार के बाद यात्रियों को वाहन मिल सके। एआरटीओ दिनेश कुमार ने बताया कि 141 बसें चुनाव में लगाई गई थीं।

chat bot
आपका साथी